Andhra Pradesh: दो महीने में 100 बैठकें करेगी TDP, 41वें गठन दिवस पर बनाई खास रणनीति
एन चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को तेदेपा के 41वें गठन दिवस पर तेलुगू लोगों को बधाई दी। टीडीपी ने पूर्व सीएम एनटी रामाराव की जन्म शताब्दी समारोह के रूप में 100 बैठक करने की योजना बनाई है।

Andhra Pradesh News: टीडीपी (TDP) ने पार्टी संस्थापक और पूर्व सीएम एनटी रामाराव की जन्म शताब्दी समारोह के रूप में 30 मार्च से शुरू दो महीनों के अंतराल में 100 बैठकें आयोजित करने की योजना बनाई है। टीडीपी की बैठक मंगलवार को हैदराबाद में हुई, जिसमें आंध्र प्रदेश से जुड़े 13 और तेलंगाना के अन्य चार मुद्दों पर चर्चा हुई। तेलुगू देशम पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने बुधवार को तेदेपा के 41वें गठन दिवस पर तेलुगू लोगों को बधाई दी।
बैठक में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए तेदेपा एपी इकाई के प्रमुख के अत्चन्नायडू ने कहा कि पार्टी एनटीआर जन्म शताब्दी समारोह के हिस्से के रूप में दोनों राज्यों के 42 संसदीय क्षेत्रों में बैठकें आयोजित करेगी। दूसरे देशों में होने वाले कार्यक्रमों के लिए टीडीपी अपने प्रतिनिधि भेजेगी। इस दौरान अत्चन्नायडू ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार किसानों के बचाव में आने में विफल रही, जिन्हें हाल ही में बेमौसम बारिश के कारण फसल का नुकसान हुआ है।
उन्होंने कहा, 'सीएम जगन राज्य में वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करने और फसल के नुकसान की समीक्षा करने में विफल रहे हैं।' उन्होंने कहा कि टीडीपी ने बारिश से प्रभावित किसानों को आवश्यक राहत प्रदान करने का फैसला किया है। बैठक में लंबित सिंचाई परियोजनाओं को पूरा करने में वाईएसआरसी सरकार की विफलता पर भी चर्चा हुई।
टीडीपी ने 2024 में चुनाव जीतने के लिए घोषणापत्र समिति सहित तीन समितियों का गठन किया है। समिति सभी जिलों का दौरा करेगी और लोगों से सुझाव मांगेगी और बाद में पार्टी अपना चुनावी घोषणा पत्र लेकर आएगी।टीडीपी पोलित ब्यूरो ने एनटीआर के सम्मान में 100 रुपये का सिक्का जारी करने के केंद्र के फैसले के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया।












Click it and Unblock the Notifications