टाटा बनाएगा नोएडा का इंटरनेशनल एयरपोर्ट, YIAPL के साथ हुआ समझौता
नई दिल्ली, 03 जून: उत्तर प्रदेश के जेवर में बनने वाले आगामी नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निर्माण के लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड (वाईआईएपीएल) ने टाटा प्रोजेक्ट्स को चुना है। टाटा प्रोजेक्ट्स टाटा समूह की बुनियादी ढांचा और निर्माण शाखा है। वाईआईएपीएल ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि इस अनुबंध के तहत टाटा प्रोजेक्ट्स हवाई अड्डे पर टर्मिनल, रनवे, एयरसाइड इंफ्रास्ट्रक्चर, सड़कों, उपयोगिताओं और अन्य सहायक भवनों का निर्माण करेगी।

वाईआईएपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी क्रिस्टोफ श्नेलमैन ने कहा कि, हम टाटा प्रोजेक्ट्स के साथ मिलकर 2024 तक सालाना 12 मिलियन यात्रियों की क्षमता के साथ एक यात्री टर्मिनल, रनवे और अन्य हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे के निर्माण करने के लिए काम कर रहे हैं। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट राज्य के साथ-साथ देश में रोजगार सृजन और आर्थिक विकास को बढ़ावा देगा। वाईआईएपीएल, स्विटजरलैंड की कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की 100 प्रतिशत सहायक कंपनी है और इसे नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विकास के लिए एक विशेष उद्देश्यीय कंपनी (एसपीवी) के रूप में शामिल किया गया है।
बयान में कहा गया है कि, वाईआईएपीएल ने नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के इंजीनियरिंग, खरीद और निर्माण (ईपीसी) के लिए टाटा प्रोजेक्ट्स लिमिटेड का चयन किया है। कंपनी को बड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के डिजाइन, खरीद और निर्माण में उसके अनुभव के आधार पर अंतिम तीन में से चुना गया। उत्तर प्रदेश सरकार ने जेवर में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनआईए) के विकास को शुरू करने के लिए 7 अक्टूबर, 2020 को वाईआईएपीएल के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए थे।
कंपनी ने उत्तर प्रदेश सरकार, न्यू ओखला औद्योगिक विकास प्राधिकरण और ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के साथ मिलकर सार्वजनिक-निजी भागीदारी परियोजना को बनाने का जिम्मा लिया है। कुल 1,334 हेक्टेयर में फैली ग्रीनफील्ड सुविधा के पहले चरण में 5,700 करोड़ रुपये के निवेश से एकल रनवे परिचालन शुरू किया जाएगा, जिसकी क्षमता हर साल 1.2 करोड़ यात्रियों को संभालने की होगी। नए हवाई अड्डे के 2024 तक चालू होने की उम्मीद है।
टाटा प्रोजेक्ट्स के लिए एयरपोर्ट बनाने की यह पहली बड़ी परियोजना है। हालांकि कंपनी नए संसद भवन, मुंबई ट्रांस-हार्बर लिंक, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के कई हिस्सों, और मेट्रो रेल लाइन सहित विभिन्न शहरों में परियोजनाएं शुरू कर रही है। मुंबई, पुणे, दिल्ली, लखनऊ, अहमदाबाद और चेन्नई में टाटा कई कई प्रोजेक्ट्स काम कर रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications