तमिलनाडु सरकार ने घटाई एक्साइज ड्यूटी, कल से 3 रुपए सस्ता होगा पेट्रोल
चेन्नई, अगस्त 13। महंगाई की मार झेल रही जनता को तमिलनाडु की सरकार ने थोड़ी सी राहत दी है। दरअसल, शुक्रवार को राज्य सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर लगने वाली एक्साइज ड्यूटी में कटौती की घोषणा की, जिसके बाद राज्य में पेट्रोल 3 रुपए सस्ता हो गया। तमिलनाडु के वित्त मंत्री पलनीवेल त्यागराजन ने एक्साइज ड्यूटी में कटौती का ऐलान किया। वित्त मंत्री ने बताया कि इस फैसले के बाद सरकार को सालाना 1,160 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान होगा।
Recommended Video

राज्य में पेट्रोल की नई कीमत
तमिलनाडु सरकार के फैसले के बाद चेन्नई में पेट्रोल 102.49 रुपए प्रति लीटर हो गया है। वहीं 1 लीटर डीजल की कीमत 94.39 रुपए है। अभी तक तमिलनाडु सरकार प्रति लीटर पेट्रोल पर 32.90 रुपए एक्साइज ड्यूटी ले रही थी। राज्य में पेट्रोल की बदली हुई कीमतें कल रात 12 बजे से लागू हो जाएंगी। आखिरी बार देश में तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम 18 जुलाई को बढ़ाए थे। तब से अभी तक पेट्रोल और डीजल की कीमतों में कोई बदलाव नहीं आया है।
इन राज्यों में 100 के पार है पेट्रोल
आपको बता दें कि देश के कम से कम 19 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों - महाराष्ट्र, दिल्ली, पश्चिम बंगाल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, राजस्थान, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, जम्मू और कश्मीर, ओडिशा, लद्दाख, बिहार, केरल, पंजाब, सिक्किम और नागालैंड में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये प्रति लीटर से अधिक है।












Click it and Unblock the Notifications