क्या सच में कॉटन कैंडी है जानलेवा? तमिलनाडु सरकार बिक्री पर लगाई रोक
तमिलनाडु सरकार ने शनिवार को एक बड़ा फैसला लिया है। राज्य में कॉटन कैंडी की बिक्री और उत्पादन पर प्रतिबंध लगा दिया गया। बताया जा रहा है कि इसे बनाने के लिए रोडामाइन-बी रसायन का इस्तेमाल किया जा रहा था, जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक है।
तमिलनाडु के स्वास्थ्य मंत्री मा सुब्रमण्यम ने कहा कि कॉटन कैंडी के नमूने खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा परीक्षण के लिए भेजे गए थे, जिसमें 'कैंसर पैदा करने वाले' रोडामाइन-बी की मौजूदगी पाई गई है।

कार्रवाई के सख्त निर्देश
मंत्री ने एक बयान में कहा कि खाद्य सुरक्षा मानक अधिनियम, 2006 के अनुसार, शादी समारोहों और अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में रोडामाइन-बी युक्त खाद्य पदार्थ तैयार करना, पैकिंग करना, आयात करना, बेचना और परोसना दंडनीय अपराध है। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों को मामले की समीक्षा करने और उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
कितना खतरनाक है ये रसायन?
रोडामाइन बी एक पानी में घुलनशील रासायनिक यौगिक है, जो डाई के रूप में कार्य करता है। अपने चमकीले गुलाबी रंग के लिए जाना जाने वाला यह रसायन मनुष्यों के लिए विषैला होता है। शरीर में प्रवेश करने पर कोशिकाओं और ऊतकों पर ऑक्सीडेटिव तनाव पैदा कर सकता है। यह विशेष रूप से खतरनाक हो जाता है, जब इसे खाद्य उत्पादों के साथ मिलाया जाता है, जिससे समय के साथ कैंसर और ट्यूमर होता है।












Click it and Unblock the Notifications