जंगल में सोते हुए हाथी के बच्चे को धूप से बचाने के लिए छाता लेकर खड़े हो गए वन अधिकारी, वीडियो हुआ वायरल
नई दिल्ली, सितंबर 08। बेजुबान जानवरों पर अत्याचार के वीडियो तो आए दिन सामने आते रहते हैं, लेकिन उनकी सेवा करने की तस्वीरें कम ही देखी जाती हैं। सोशल मीडिया पर एक वीडियो इन दिनों वायरल हो रहा है, जिसमें सोते हुए एक हाथी के बच्चे को धूप से बचाने के लिए एक शख्स उसके पास छाता लेकर खड़ा है। उस शख्स के साथ और भी लोग हैं और बताया जा रहा है कि यह सभी वन विभाग के अधिकारी हैं और यह वायरल वीडियो तमिलनाडु के जंगलों का है।

छतरी के जरिए धूप से हाथी के बच्चे को बचाया धूप से
जानकारी के मुताबिक, तमिनलाडु के वन विभाग के अधिकारी वन में निरीक्षण के लिए पहुंचे थे, तभी इन्होंने एक जगह हाथी के सोते हुए बच्चे को देखा। इस दौरान धूप उस हाथी के बच्चे के चेहरे पर आ रही थी तो एक विभाग का एक अधिकारी उस हाथी के बच्चे के सामने छाता लेकर खड़ा हो गया और उसे धूप से बचाया। यह प्यारा सा वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है।

IAS ऑफिसर ने शेयर किया है यह वीडियो
इंटरनेट पर इस वीडियो को IAS अधिकारी सुप्रिया साहू ने शेयर किया है। सुप्रिया साहू के पास तमिलनाडु सरकार के पर्यावरण जलवायु परिवर्तन और वन विभाग में एडिशनल चीफ सेक्रेटरी का भी अतिरिक्त प्रभार है। सुप्रिया साहू ने 7 सितंबर को इस वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया। उन्होंने कैप्शन में लिखा है, "तमिलनाडु फोरेस्टर्स को सोते हुए हाथी को उसकी मां से मिलाने के अपने सफल प्रयासों के दौरान छाया प्रदान करते हुए देख सकते हैं। उनकी करुणा, देखभाल और विचारशीलता ने पूरे प्रयास को सार्थक बना दिया।"

लोगों ने अधिकारियों को सम्मानित करने की कही बात
सोशल मीडिया पर यह वीडियो लोगों को काफी पसंद आ रहा है। इस वीडियो को अभी तक 50 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है और सैकड़ों लोगों ने इसे लाइक भी किया है। कई लोगों ने वीडियो पर कमेंट भी किया है और लिखा है कि ऐसे कीमती जीव सभी के प्यार और देखभाल के लायक हैं। आपको बता दें कि वायरल वीडियो में हाथी के बच्चे को धूप में झपकी लेते हुए देखा जा सकता है। यह हाथी का बच्चा नींद में है और वन विभाग के अधिकारी उस हाथी के बच्चे पर छाता लेकर खड़े हैं। सोशल मीडिया पर यूजर्स इन अधिकारियों को पुरस्कृत करने की बात कह रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications