Tamil Nadu Food Poisoning: विषाक्त खाना खाने से तीन बच्चों की मौत, 11 अस्पताल में भर्ती
Tamil Nadu Food Poisoning: तमिलनाडु के तिरुपुरर स्थित चिल्ड्रेंस होम में फूड प्वाइजनिंग का मामला सामने आया है। जहरीला खाना खाने से 3 बच्चों की मौत हो गई है जबकि 11 बच्चों की तबीयत खराब हो गई है। बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस पूरे मामले में जांच के आदेश दे दिए गए हैं। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया गया कि आखिर क्या खाने से बच्चों की तबीयत बिगड़ी है। बता दें कि यह घटना विवेकानंद अनाथालय की है।

रिपोर्ट के अनुसार बच्चों ने रात के खाने में रसम-चावल और लड्डू खाया था। जिसके बाद कुछ बच्चों ने उल्टी कर दी थी और कुछ को डायरिया होने लगा था। गुरुवार की सुबह बच्चों ने नाश्ता किया तो उनकी तबीयत और बिगड़ गई, जिसमे से कुछ बच्चे तो बेहोश हो गए। सभी बच्चों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करा दिया गया था, लेकिन बाद में उन्हें तिरुपुर स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।
8-13 साल की उम्र के 3 बच्चों की अस्पताल में मृत्यु हो गई, जबकि बाकी बच्चों का इलाज चल रहा है। तीन बच्चों को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। तिरुपुर के डीएम एस विनीत ने अस्पताल का दौरा किया और बच्चों का हाल जाना। डीएम ने बताया कि बच्चों के सैंपल को ले लिया गया है, उसे जांच के लिए भेजा गया है। साथ ही विषाक्त खाने की जांच के आदेश दे दिए हैं। जो भी इस मामले में दोषी पाया जाएगा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है। साथ ही इस अनाथालय को चलाने वाले व्यक्ति के खिलाफ भी जांच हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications