Tamil Nadu: भद्रकालीअम्मन मंदिर के टॉवर में लगी आग, ऊपरी हिस्से को पहुंचा नुकसान
तमिलनाडु के विरुधुनगर में स्थित एक प्रसिद्ध मंदिर में रविवार रात आग लग गई। घटना के बाद मौके पर पहुंची दो फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आनन-फानन में आग बुझाने का काम शुरू किया। फिलहाल अब स्थिति कंट्रोल में बताई जा रही। घटना में मंदिर के टॉवर के ऊपरी हिस्से को नुकसान पहुंचने की खबर है। फिलहाल तमिलनाडु पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक शिवकाशी भद्रकालीअम्मन मंदिर में कुंभाभिषेक का काम चल रहा था, तभी अचानक आग लग गई। वहां पर निर्माण कार्य की वजह से लकड़ी के खंभों को लगाया गया था, जिसकी वजह से आग तेजी से फैली। वहीं ऊपर हिस्से को टाट से ढका गया था, वो भी पूरी तरह से राख हो गया। घटनास्थल पर पहुंची शिवकाशी फायर ब्रिगेड की टीम ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात ये रही कि घटना में कोई घायल नहीं हुआ।
चश्मदीदों के मुताबिक निर्माण कार्य के चलते मंदिर के टॉवर के ऊपरी हिस्से में लकड़ी, बांस, कपड़े आदि का इस्तेमाल ज्यादा हुआ था। वहां से एक बारात निकल रही थी, तभी किसी ने पटाखे जला दिए। जैसे ही उसकी चिंगारी मंदिर के ऊपरी हिस्से में पहुंची, वैसे ही आग लग गई। इसके बाद आसपास की जगह को खाली करवाकर स्थिति को कंट्रोल में किया गया। पुलिस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों की तलाश कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications