दिल्ली में बीजेपी की ऐतिहासिक वापसी से तमिलनाडु में अलर्ट हुए MK Stalin! दिया यह बयान
MK Stalin Targets BJP : दिल्ली के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने प्रचंड बहुमत हासिल करते हुए 27 साल बाद सत्ता में वापसी की है। इस चुनाव में 10 साल से दिल्ली में राज करने वाली आम आदमी पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया। कुल 70 सीटों में से जहां बीजेपी को 48 सीटें मिली हैं, तो आप के खाते में 22 सीटें आई, जबकि तीसरी बार कांग्रेस खाता खोलने में नाकाम रही। इस बीच दिल्ली चुनाव की गूंज तमिलनाडु तक सुनाई दे रही है।
दिल्ली चुनाव में भाजपा की जीत के बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने कहा कि भाजपा को सीखना चाहिए कि तमिलनाडु कभी भी विभाजनकारी राजनीति और एजेंडे को स्वीकार नहीं करेगा।

थिरुपरनकुंड्रम मुरुगन मंदिर में दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन को लेकर तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शनिवार को भाजपा पर आरोप लगाया कि वह तमिलनाडु में "सांप्रदायिक तनाव भड़काकर" दंगे कराने की कोशिश कर रही है, क्योंकि वह डीएमके शासन में कई क्षेत्रों में राज्य की प्रगति को पचा नहीं पा रही है।
चेन्नई में तमिलनाडु को 'अनदेखा' करने वाले केंद्रीय बजट का विरोध करने के लिए आयोजित एक रैली में स्टालिन ने कहा कि अगर भाजपा यह बुनियादी सबक नहीं सीखती है कि तमिलनाडु, जहां विभिन्न धर्मों और जातियों के लोग शांतिपूर्वक सह-अस्तित्व में हैं और खुद को केवल तमिल के रूप में पहचानते हैं, वह कभी भी विभाजनकारी ताकतों को स्वीकार नहीं करेगा, तो उसे खुद को 'अनुशासित' करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
स्टालिन ने केंद्र सरकार पर बुनियादी ढांचा परियोजनाओं के लिए धन आवंटित ना करके और प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित लोगों के राहत और पुनर्वास के लिए तमिलनाडु को "धोखा" देने का भी आरोप लगाया। स्टालिन ने कहा, "वे (भाजपा) अच्छी तरह जानते हैं कि वे तमिलनाडु को विकास के रास्ते से नहीं रोक सकते। इसलिए वे भ्रम पैदा करने और दंगे कराने की कोशिश कर रहे हैं।'
सीएम ने आगे कहा कि लोग कभी भी उन ताकतों को स्वीकार नहीं करेंगे, जो राजनीतिक लाभ के लिए अध्यात्म का इस्तेमाल करती हैं। वे (भाजपा) तमिलनाडु को उत्तर भारत जैसे हिंसाग्रस्त राज्यों में बदलना चाहते हैं। कुछ ताकतें विकास को स्वीकार नहीं कर सकती हैं और अगर वे दंगे भड़काने की कोशिश करती हैं, तो उन्हें केवल निराशा ही हाथ लगेगी।












Click it and Unblock the Notifications