Tamil Nadu: एमके स्टालिन दूसरी बार चुने गए DMK चीफ, दुरई मुरुगन बने महासचिव
तमिलनाडु (Tamil Nadu) की राजधानी चेन्नई में रविवार को द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) की आम परिषद की बैठक हुई। ये बैठक नए अध्यक्ष के चुनाव के लिए बुलाई गई थी, जिसमें सर्वसम्मति से एमके स्टालिन को दोबारा डीएमके चीफ चुना गया। उन्होंने इस जिम्मेदारी के लिए पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार जताया। इस बैठक में ही पार्टी नेता दुरई मुरुगन को महासचिव और टीआर बालू को कोषाध्यक्ष चुना गया।

पिछले कई दिनों से डीएमके में आंतरिक चुनाव की प्रक्रिया चल रही थी। जिसके तहत शुक्रवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री स्टालिन ने डीएमके चीफ के पद पर नामांकन किया। किसी अन्य पार्टी नेता ने इस पद के लिए दावा नहीं किया था, ऐसे में रविवार को निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिए गए। जिसकी घोषणा बैठक में चुनाव प्रभारी अर्कोट एन वीरासामी ने की।
वहीं पार्टी हाईकमान ने सांसद एम. के. कनिमोझी को पार्टी के पांच उप महासचिवों में से एक के रूप में पदोन्नत किया। उनके अलावा वरिष्ठ नेताओं पेरियासामी आई, के पोनमुडी, ए राजा और एंथियूर पी. सेल्वारासू को भी उप महासचिव बनाया गया है।
करुणानिधि के निधन के बाद संभाली थी जिम्मेदारी
आपको बता दें कि 7 अगस्त 2018 को करुणानिधि का निधन हो गया था। इसके बाद उनके तीसरे बेटे एमके स्टालिन (मुथुवेल करुणानिधि स्टालिन) को बड़ी जिम्मेदारी मिली। पार्टी ने 28 अगस्त 2018 को स्टालिन को निर्विरोध अध्यक्ष चुन लिया। उस वक्त उनकी पार्टी सत्ता में नहीं थी। शुरू में लोग कह रहे थे कि स्टालिन में करुणानिधि जैसा करिश्मा नहीं है, लेकिन 2021 के विधानसभा चुनाव में उनके नेतृत्व ने कमाल कर दिया। डीएमके ने अकेले दम पर 133 सीटें हासिल कीं। इसके बाद मुख्यमंत्री पद पर स्टालिन की ताजपोशी हुई, तो वहीं अब उनको दोबारा से पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है।












Click it and Unblock the Notifications