T20I World Cup: भारत के जीत के जश्न के बीच वायरल हुआ दिल्ली पुलिस का पोस्ट, जानिए क्या है वजह
Delhi Police Reaction on India Winning T20I WC17: सालों के वर्ल्ड कप के सूखे को खत्म करते हुए टीम इंडिया ने T20I वर्ल्ड कप 2024 अपने नाम कर लिया। 29 जून की रात भारत की जीत के साथ शुरू हुआ सेलिब्रेशन आज भी जारी है। पूरे देश में जश्न का माहौल है।
भारत-दक्षिण अफ्रीकी के बीच खेला गया फाइनल मुकाबला काफी रोमांच से भरा रहा। मुकाबला कभी भी एकतरफा नहीं हुआ, कभी भारत तो कभी साउथ अफ्रीका का पलड़ा भारी दिखा। अंतिम ओवरों में भारतीय गेंदबाजों की गेंदबाजी ने सभी का दिल जीत लिया।

मैच जीतने के बाद लोग लगातार टीम इंडिया के प्रदर्शन की तारीफ कर रहे हैं और उन्हें बधाई दे रहे हैं। इसी बीच दिल्ली पुलिस द्वारा भारतीय टीम की जीत के बाद एक्स पर किया गया पोस्ट काफी वायरल हो रहा है। अपने पोस्ट में दिल्ली पुलिस ने भारतीय टीम को बधाई देते हुए लोगों को धैर्य रखने की सलाह दी है।
दिल्ली पुलिस ने अपने पोस्ट में लिखा है, "हम सभी ने भारत के एक और #T20WorldCup जीतने के लिए 16 साल 9 महीने 5 दिन (52,70,40,000 सेकंड) तक इंतजार किया है। आइए ट्रैफिक सिग्नल पर भी थोड़ा धैर्य रखें। अच्छे पल के लिए इंतजार करना चाहिए। क्या कहते हैं? हार्दिक बधाई, #TeamIndia"
ऐसा पहली बार नहीं है जब दिल्ली पुलिस ने कुछ ऐसा किया हो। बल्कि कई अन्य मौकों पर वो इसी तरह के क्रिएटिव पोस्ट डालते रहे हैं। इसके लिए लोग दिल्ली पुलिस की सोशल मीडिया टीम की काफी तारीफ भी करते हैं। अपने पोस्ट के माध्यम से दिल्ली पुलिस लोगों को सड़क सुरक्षा से लेकर स्कैम्स से बचने के लिए जागरूक कर चुकी है।












Click it and Unblock the Notifications