कहीं मौत तो कहीं पैसा बांट रहा स्वाइन फ्लू वायरस
नई दिल्ली (विवेक शुक्ला)। देश के किसी भी शहर में अगर आज किसी को खांसी, जुखाम, तेज बुखार, उलटी, सांस में तकलीफ शुरू होती है, तो वो सीधा अस्पताल जाता है। यह कनफर्म करने कि कहीं उसे स्वाइन फ्लू तो नहीं। अब इसे दुर्भाग्य कहें या सौभाग्, हमारे देश में जहर की तरह फैला स्वाइन फ्लू किसी को मौत बांट रहा है, तो किसी को पैसा। [जानिए स्वाइन फ्लू के लक्षण और बचाव]
जी हां कुछ लोग सिर्फ पैसा कमाने के चक्कर में रहते हैं। राजधानी में बहुत से प्राइवेट अस्पताल और लैब इन दिनों तगड़ा पैसा बटोर रहे हैं स्वाइन फ्लू का टेस्ट करके। ये लोगों से स्वाइन फ्लू के सामान्य टेस्ट का चार हजार रुपये से लेकर 10 हजार रुपये तक बेशर्मी के साथ वसूल रहे हैं।
जानकारों का कहना है कि चूंकि इन पर किसी की कोई गाइडलाइन नहीं है,इसलिए ये लूट-खसोट रहे हैं। सवाल उठता है कि इन स्वाइन फ्लू के टेस्ट के रेट सब जगह एक जैसे क्यों नहीं हैं।
सख्त एक्शन हो
स्वास्थ्य मामलों के जानकार सजल कालडा कहते हैं कि वक्त का ताकाजा है दिल्ली सरकार इस बाबत कठोर कदम उठाए जो स्वाइन फ्लू के टेस्ट का मोटा पैसा ले रहे हैं।
अलग-अलग रेट
राजधानी की कुछ लैब में हमने बात की ताकि स्वाइन फ्लू टेस्ट के संबंध में किए जा रहे टेस्ट के रेट पता चल सकें। सब जगह अलग-अलग रेट सामने आए। कारण पूछने पर कोई जवाब देने के लिए राजी नहीं।
हालांकि एम्स, पटेल चेस्ट अस्पताल और दूसरे सरकारी अस्पतालों में स्वाइन फ्लू के टेस्ट मुफ्त में हो रहे हैं। पर इनमें भीड़ के कारण लोग प्राइवेट लैब और अस्पतालों का रुख कर रहे हैं।
80-90 रोगी पहुंचते
जानकारों के अनुसार,इन लैब और प्राइवेट अस्पतालों में रोज करीब 80-90 लोग टेस्ट के लिए आ रहे हैं। जाहिर है कि इसके चलते इनकी मोटी कमाई हो रही है।
इस बीच, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन से जुड़े हुए डा.के.के. अग्रवाल ने कहा कि स्वाइन फ्लू टेस्ट के लिए बहुत कम पैसा लिया जाना चाहिए। पर सवाल उठता है कि ये कदम कौन उठाएगा?













Click it and Unblock the Notifications