'स्वाति अगर उनकी सगी बहन या बेटी होती तो?' माधवी लता ने किससे पूछ लिया 'चुभने' वाला सवाल
Swati Maliwal latest News in Hindi: हैदराबाद लोकसभा सीट से बीजेपी प्रत्याशी माधवी लता ने आम आदमी पार्टी की राज्यसभा सांसद स्वाति मालीवाल के साथ हुई कठित मारपीट को लेकर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जमकर खिंचाई की है।
हैदराबाद में एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी को इस चुनाव में टक्कर देकर सुर्खियों में आईं माधवी लता ने रविवार को दिल्ली में कहा कि अरविंद केजरीवाल उस शख्स के साथ खड़े हैं, जो महिला को पीटता है और उसका अपमान करता है।

अच्छा होता कि स्वाति को न्याय दिलाने सड़क पर बैठते- माधवी लता
माधवी लता ने एएनआई से कहा है कि यह मामला किसी पार्टी का नहीं है, बल्कि एक महिला के सम्मान का है। वो बोलीं कि 'अच्छा ये होता कि वे (केजरीवाल) स्वाति को न्याय दिलाने के लिए सड़क पर बैठे होते, लेकिन वह उस व्यक्ति के लिए सड़क पर बैठे हैं, जिसने उसकी पिटाई की है।'
'अगर स्वाति इनकी सगी बहन या बेटी होती तो ये लोग क्या करते?'
माध्वी लता ने कहा, 'उनके (केजरीवाल) अपने बच्चे होने के बावजूद, उनकी भावना जरा भी पिता वाली नहीं है।' उनके मुताबिक, 'अगर स्वाति इनकी सगी बहन या बेटी होती तो ये लोग क्या करते? यहां मामला किसी पार्टी का नहीं है, बल्कि एक महिला के सम्मान का है।'
'जिस देश में महिलाओं की पूजा होती है....'
हैदराबाद में महिला कल्याण के लिए अनेकों काम कर चुकीं माधवी लता का कहना है, 'उस देश में जहां महिलाओं की पूजा होती है, उनकी पिटाई हो रही है; आपको यह अधिकार किसने दिया? उसे किसने पीटा है, आपके अपने आदमी ने, कहां, आपके अपने घर में। इसका जवाब देना होगा। केजरीवाल उस शख्स के साथ खड़े हैं, जो महिलाओं को पीटता और उसका अपमान करता है।'
केजरीवाल के घर से सीसीटीवी डीवीआर जब्त कर ले गई पुलिस
इस बीच दिल्ली पुलिस ने रविवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर से एक सीसीटीवी डीवीआर जब्त किया है। सूत्रों का कहना है कि अब दिल्ली पुलिस टेक्निकल एक्सपर्ट की मदद से डीवीआर से फुटेज फिर से प्राप्त करेगी और फिर क्राइम सीक्वेंस निर्धारित करने के लिए उसका विश्लेषण करेगी।
बिभव कुमार पर क्या है आरोप?
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने मालीवाल की पिटाई के आरोपों में मुख्य आरोपी और केजरीवाल के निजी सहयोगी बिभव कुमार को कल ही गिरफ्तार किया था। बाद में दिल्ली की तीस हजारी कोर्ट ने उसे 5 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया।
अपनी शिकायत में मालीवाल ने बिभव कुमार पर कई 'थप्पड़' मारने और 'छाती, पेट और पेल्विस एरिया' पर हमले की रिपोर्ट लिखाई है और मजिस्ट्रेट के सामने भी बयान दर्ज करवाया है।
उधर शुक्रवार को बिभव ने भी मालीवाल के खिलाफ एक काउंटर-कंप्लेन लिखवाई है कि वह मुख्यमंत्री के सिविल लाइंस आवास में 'अनाधिकृत' रूप से दाखिल हुईं और उन्हें 'गालियां' दीं।












Click it and Unblock the Notifications