क्या सुवेंदु अधिकारी भाजपा में होंगे शामिल, दिलीप घोष ने दिया जवाब
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं, लेकिन चुनाव से पहले नेताओं का दलबदल का सिलसिला शुरू हो चुका है। तृणमूल कांग्रेस के कई नेता पार्टी से इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो रहे हैं। इस बीच टीएमसी के एक और बड़े नेता सुवेंदु अधिकारी के भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। दरअसल सुवेंदु अधिकारी ने पिछले हफ्ते ममता कैबिनेट से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद कयास लगाए जा रहे हैं कि अमित शाह के पश्चिम बंगाल के दौरे पर सुवेंदु अधिकारी भाजपा में शामिल हो सकते हैं।
Recommended Video

सुवेंदु अधिकारी के भाजपा में शामिल होने की खबरों पर पश्चिम बंगाल भाजपा के मुखिया दिलीप घोष ने कहा कि ये तो होना ही थी। कई टीएमसी के विधायक इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। टीएमसी में किसी भी तरह का लोकतंत्र नहीं है और ना ही लोगों का सम्मान है। जो लोग पश्चिम बंगाल में बदलाव में शामिल होना चाहते हैं, विकास में शामिल होना चाहते वो टीएमसी को छोड़कर भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
सुवेंदु अधिकारी के भाजपा में शामिल होने की अटकलों पर दिलीप घोष ने कहा कि इस तरह की अफवाहें हैं और लोगों को भी इसी तरह की उम्मीद है। इसी दिशा में कई कदम आगे बढ़ रहे हैं। हम भी इंतजार कर रहे हैं, अब यह सुवेंदु अधिकारी पर है कि वह क्या फैसला लेते हैं, यह उनपर निर्भर है। बता दें कि अमित शाह इस महीने पश्चिम बंगाल के दूसरे दौरे पर जा रहे हैं। सिवेंदु अधिकारी ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई थी जिसके बाद उनकी सुरक्षा को बढ़ाकर जेड श्रेणी की कर दी गई थी।
बता दें कि सुवेंदु अधिकारी टीएमसी में ममता बनर्जी के बाद दूसरे सबसे ज्यादा लोकप्रिय नेता हैं। उन्हें ममता बनर्जी का दाहिना हाथ माना जाता था। नंदीग्राम आंदोलन में भी उन्होंने ममता बनर्जी का साथ दिया था, जिसके बाद टीएमसी सत्ता में आई थी। इस पूरे आंदोलन का आर्किटेक्ट सुवेंदु अधिकारी को माना जाता है। वह प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री थे। उनके पास परिवहन, जल, सिंचाई मंत्रालय था।












Click it and Unblock the Notifications