सती प्रथा या फिर कुछ और: पति की चिता से मिला पत्नी का अधजला शव
मुंबई। महाराष्ट्र के लातूर जिले में पति की चिता के साथ सती होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 50 साल की एक महिला का अधजला शव उसके पति की चिता से मिला है। लातूर के लोहाटा गांव में रहने वाले 55 वर्षीय तुकाराम माने की रविवार को मौत हो गई। रविवार की शाम ही गांव के पास श्मसान घाट में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। देर शाम तुकाराम की पत्नी उषा घर से लापता हो गई।

सोमवार की सुबह तुकाराम के लड़के जब घाट पर अस्थियां इकट्ठा करने गए तो उन्हें अपनी मां का अधजला शव पिता की चिता के पास मिला। लड़कों ने गांव के लोगों को सूचना दी और फिर वहीं अपनी मां का भी अंतिम संस्कार कर दिया।
पुलिस को जब इस बात की खबर मिली तो पुलिस ने फौरन मौके पर पहुंची और उसने दुर्घटना से हुई मौत का मामला दर्ज का जांच शुरु कर दिया। प्रथम दृष्टया इस मामले को सती प्रथा से जोड़ कर देखा जा रहा है। लेकिन गांव वालों का कहना है कि उषा अपनी बीमारी से तंग आ चुकी थी और इसके चलते ही उसने पति की चिता पर अपनी जान दे दी।












Click it and Unblock the Notifications