सुषमा ने थरूर से ड्राफ्ट तैयार करवाने की खबरों को बताया गलत
विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने किया ट्वीट शशि थरूर से ड्राफ्ट तैयार करने वाली खबरों पर दिया जवाब। कहा उनके मंत्रालय में टैलेंट की कोई कमी नहीं है और इस तरह की खबरों को प्लांट किया गया है।
नई दिल्ली। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने उन खबरों को सिरे से खारिज कर दिया है जिसमें कहा गया था कि उन्होंने कुलभूषण जाधव को मिली मौत की सजा पर पाकिस्तान के खिलाफ ड्राफ्ट तैयार करने में कांग्रेस के नेता शशि थरूर की मदद ली है। बुधवार को सुषमा ने इस मसले पर ट्वीट किया और जानकारी दी।

मंत्रालय में टैलेंट की कमी नहीं
सुषमा ने जो ट्वीट किया उसमें लिखा है कि उनके मंत्रालय में टैलेंट की कोई कमी नहीं है और इस तरह की खबरें पूरी तरह से गलत हैं। उन्होंने कहा कि वह इसके लिए उनके अधिकारियों की ही मदद लेंगी। इससे पहले ऐसी खबरें आई थी कि मोदी सरकार शशि थरूर से ड्राफ्ट तैयार करवा, सदन में पेश करेगी। सुषमा के ट्वीट से पहले इससे पहले कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा था कि उनकी शशि थरूर से कुलभूषण मामले पर बात हुई है, लेकिन उनकी सुषमा स्वराज से कोई बात हुई है या नहीं उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।
क्या थीं खबरें
मंगलवार को संसद में कांग्रेस नेता थरूर ने जाधव पर अपना बयान दिया। इस बयान में उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान ने जाधव को मौत की सजा देकर अंतराष्ट्रीय नियमों और जेनेवा कनवेंशन को उल्लंघन किया है। इसके बाद खबरें आनी शुरू हुईं कि शशि थरूर ने जो ड्राफ्ट तैयार किया है उसमें वह सरकार की मदद करेंगे और इस ड्राफ्ट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दूसरी राजनीतिक पार्टियां चेक करेंगी। थरूर ने जाधव मसले पर कहा था कि यह ऐसा प्रकरण है जिसने हम सभी को प्रभावित किया है। एक वेबसाइट की ओर से लिखा गया कि संसद में रेजॉल्यूशन के बारे में बात करने के बाद विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, शशि थरूर के पास गईं और उनसे रेजाल्यूशन, ड्राफ्ट करने का अनुरोध किया। थरूर ने भी अपनी पार्टी के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे की मंजूरी के बाद इसके लिए हामी भर दी।












Click it and Unblock the Notifications