बड़ी बहन ने शेयर की सुशांत की प्रार्थना सभा की फोटो, आखिरी अलविदा कहते हुए भाई के लिए लिखा भावुक संदेश
बड़ी बहन ने आखिरी अलविदा कहते हुए सुशांत के लिए लिखा भावुक संदेश
नई दिल्ली। मरहूम अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को उनकी बहन श्वेता ने आखिरी विदाई दी है। सुशांत की बड़ी बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने पटना के घर से फेसबुक पर अपने छोटे भाई की प्रेयर मीट की फोटो शेयर करते हुए लिखा, प्यार और पॉजिटिविटी से भरा आखिरी अलविदा मेरे छोटे भाई। तुम्हें जहां भी होंगे, आशा है कि वहां खुश होंगे। हम सब तुम्हें आपको हमेशा प्यार करते रहेंगे।
Recommended Video

फोटो में दिख रहा परिवार
श्वेता ने जो फोटो शेयर किया है, उसमें सुशांत के फोटो के सामने उनका परिवार उनको श्रद्धांजलि देता दिख रहा है। फोटो में श्वेता और उनके पिता भी हैं। बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को दुनिया छोड़ गए थे। मुंबई स्थित अपने फ्लैट में उन्होंने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सुशांत ने कई सुपरहिट फिल्मों में काम किया था, वहीं टीवी का भी वो काफी मशहूर चेहरा था। सुशांत का परिवार बिहार के पटना में रहता है। सुशांत की मौत के बाद से उनके घर लगातार मातम का माहौल है। वहीं लगातार फिल्म, राजनीति और तमाम दूसरे क्षेत्रों से जुड़े लोग सुशांत के घर पहुंच रहे हैं।
सुशांत का घर बनेगा स्मारक
सुशांत की यादें संजोने के लिए पटना के उनके घर को एक स्मारक में तब्दील किया जाएगा। सुशांत से जुड़ी तमाम चीज़ें वहीं रखी रहेंगी। इनमें उनकी चर्चित दूरबीन भी होगी, जिससे सुशांत अंतरिक्ष की गहराइयों में मौजूद सितारों को देखा करते थे। 13वीं संस्कार पर परिवार की ओर से एक बयान जारी किया गया था, जिसमें ये जानकारी दी गई थी। बयान में यह भी कहा गया कि सुशांत की याद में सुशांत सिंह राजपूत फाउंडेशन की स्थापना की जाएगी। इसके तहत सिनेमा, साइंस और स्पोर्ट्स के क्षेत्रों में उभरती हुई प्रतिभाओं की मदद की जाएगी।

मौत के मामले की जांच कर रही पुलिस
सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद कई लोगों ने इसके पीछे किसी साजिश की बात कहते हुए जांच की मांग की है। मुंबई पुलिस मामले की जांच कर रही है और कई लोगों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक पुलिस ने आत्महत्या को ही सुशांत की मौत की वजह माना है। पुलिस ने कहा है कि लगातार बयान दर्ज किए जा रहे हैं लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट किसी तरह की साजिश की आशंका को खत्म करती है। पुलिस इस पहलू पर भी जांच कर रही है कि उन्हें प्रताड़ित तो नहीं किया जा रहा था।












Click it and Unblock the Notifications