सुप्रीम कोर्ट के सीबीआई जांच के आदेश पर सुशांत के परिवार ने जारी किया बयान, कही ये बात
नई दिल्ली। सु्प्रीम कोर्ट ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े केस की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया है। सुप्रीम कोर्ट से आदेश के बाद मरहूम अभिनेता सुशांत सिंह के परिवार की ओर से बयान जारी किया गया है। परिवार की ओर जारी बयान में शुभचिंतकों को धन्यवाद कहा गया है और उमीद जताई गई है कि मामले में इंसाफ होगा। साथ ही सीएम नीतीश कुमार को धन्यवाद भी कहा है।
Recommended Video

क्या है परिवार का बयान
सुशांत के परिवार की ओर से बुधवार साढ़े तीन बजे जारी बयान में कहा गया है- सुशांत के परिवार का मित्रों, शुभचिंतकों और करोड़ों फैंस का आभार। सुशांत के लिए आपके प्यार और हमारे साथ खड़े होने के लिए हम कृतज्ञ हैं। बिहार के सीएम नीतीश कुमार का विशेष धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने बाधित न्याय प्रक्रिया को गति दी। अब सीबीआई ने काम संभाल लिया है तो हमें विश्वास है कि दोषियों को उनके अपराध की सजा मिलेगी। आज के घटनाक्रम से प्रजातंत्र में हमारा विश्वास मजबूत हुआ है। देश से हमारा अटूट प्रेम भी आज और ज्यादा दृढ़ हो गया है।

सुशांत के पिता ने कराई थी एफआईआर
सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को मुंबई में अपने घर में मृत पाए गए थे। इसके करीब एक महीने बाद सुशांत के पिता ने पटना थाने में एफआईआर कराई थी। जिसमें सुशांत की गर्लफ्रेंड रहीं रिया चक्रवर्ती पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस केस को मुंबई ट्रांसफर करने की मांग रिया ने सुप्रीम कोर्ट में की थी। सुप्रीम कोर्ट ने आज सुशांत के पिता की ओर से बिहार में दर्ज एफआईआर को सही मानते हुए आदेश दिया है कि इस मामले की जांच सीबीआई करती रहेगी। सुशांत सिंह के पिता के पटना में एफआईआर कराने के बाद बिहार सरकार की अपील पर केंद्र सरकार ने इस मामले में सीबीआई जांच का आदेश दिया था।

सुप्रीम कोर्ट से आदेश पर नीतीश कुमार का भी आया बयान
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि शिकायत के बाद जांच करना बिहार पुलिस का कर्तव्य था, लेकिन उन्हें मुंबई में सहयोग नहीं मिला। हमारे आईपीएस अधिकारी के साथ खराब बर्ताव हुआ। सुप्रीम कोर्ट के फैसले से साफ होता है कि बिहार पुलिस की जांच और यहां दर्ज की गई एफआईआर सही थी। सिर्फ सुशांत सिंह राजपूत का परिवार या बिहार के लोग ही नहीं, पूरा देश इस मामले को लेकर चिंतित है। सीबीआई जांच के साथ, लोग भरोसा कर सकते हैं कि न्याय होगा।












Click it and Unblock the Notifications