बिहार के पुलिस अफसर को क्वारंटाइन करने पर सुप्रीम कोर्ट ने कहा- मुंबई पुलिस ने दिया गलत मैसेज
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से जुड़े केस की जांच करने के लिए मुंबई पहुंचे बिहार पुलिस के अधिकारी को जबरन क्वारंटाइन किए जाने पर नाराजगी जताई है। बुधवार को जस्टिस हृषिकेश रॉय की अध्यक्षता वाली सुप्रीम कोर्ट की एकल पीठ ने कहा कि जिस तरह से ये हुआ, उससे एक खराब मैसेज गया है। अदालत ने कहा कि मुंबई पुलिस की साख इस तरह की नहीं है, उसे पेशेवर तरीके से काम करने के लिए जाना जाता है।
Recommended Video

रिया ने दाखिल की है याचिका
अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती ने सुशांत सिंह आत्महत्या मामले पर अपने खिलाफ पटना में दर्ज एफआईआर को मुंबई स्थानांतरित किए जाने को लेकर याचिका दायर की है। सुप्रीम कोर्ट ने रिया चक्रवर्ती की ओर से दायर याचिका पर सुनवाई के दौरान बिहार पुलिस अफसर को क्वारंटीन करने पर टिप्पणी की। रिया की तरफ से अदालत में पेश हुए वकील श्याम दीवान ने कहा कि अदालत को रिया की याचिका पर गौर करना चाहिए। उन्होंने सभी मामले पर रोक लगाने की मांग की। दीवान ने कहा कि एफआईआर अधिकार क्षेत्र के अनुसार नहीं है।

अदालत ने सभी पक्षों से मांगे जवाब
इस दौरान महाराष्ट्र सरकार की ओर से अदालत में कहा गया कि सुशांत की मौत के मामले में जांच करना पटना पुलिस का क्षेत्राधिकार नहीं है क्योंकि वो मुंबई में रहते थे और वहीं उनकी मौत हुई। ये सब कर इसे एक इसे एक राजनीतिक मामला बनाया जा है। वहीं सुशांत के पिता की ओर से अदालत में कहा गया कि महाराष्ट्र पुलिस मामले के सबूत नष्ट कर रही है, इसलिए जांच पटना पुलिस करे। अदालत ने सभी पक्षों को तीन दिनों के भीतर जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।

सॉलिसिटर जनरल भी हुए पेश
बुधवार को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता भी इस मामले में सुप्रीम कोर्ट में पेश हुए। बिहार और महाराष्ट्र पुलिस के बीच सुशांत के मामले को लेकर जारी खींचतान के बीच तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट में बताया कि केंद्र सरकार ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले की सीबीआई जांच की बिहार सरकार की सिफारिश को स्वीकार कर लिया है। बता दें कि 34 साल के अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने घर में 14 जून की सुबह कथित तौर पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। मामले में मुंबई पुलिस जांच कर रही है। सुशांत का परिवार पटना में रहता है और उनके पिता ने पटना में एफआईआर की है। ऐसे में दोनों राज्यों की पुलिस के बीच जांच को लेकर टकराव दिख रहा है।












Click it and Unblock the Notifications