सुशांत केस: संदीप सिंह पर अब कांग्रेस ने उठाए सवाल, पूछा- छेड़छाड़ के आरोपी का बीजेपी से क्या रिश्ता?
नई दिल्ली: सुशांत केस की जांच सीबीआई तेज रफ्तार से कर रही है। प्रारंभिक जांच में शक की सुई उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और दोस्त संदीप सिंह पर है। दोनों से मुंबई पुलिस और सीबीआई पूछताछ भी कर चुकी है, लेकिन अब संदीप को लेकर दूसरे सवाल उठने लगे हैं। शनिवार को शिवसेना ने संदीप को बीजेपी का आदमी बताया था, तो वहीं अब कांग्रेस ने भी दोनों के रिश्तों को लेकर सवाल खड़े किए हैं।

रणदीप सुरजेवाला ने कही ये बात
संदीप सिंह और बीजेपी के रिश्तों को लेकर सबसे पहले महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रवक्ता सचिन सावंत ने सवाल उठाए थे। अब कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व ने भी इस मामले में मोर्चा संभाल लिया है। मामले में कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट करते हुए लिखा कि 'क्या है ये भाजपाई रिश्ता? बीजेपी कार्यालय में 53 फोन, भारतीय दूतावास प्रायोजित मॉरिशस यात्रा में एक नाबालिग लड़की से छेड़छाड़ और फिर भी बाद में उन्हें पीएम मोदी पर फिल्म बनाने का जिम्मा मिला। वहीं वाइब्रेंट गुजरात में 177 करोड़ का MOU, क्या CBI इस रिश्ते की जांच करेगी?'

क्या बोले महाराष्ट्र के गृहमंत्री?
संदीप सिंह के बीजेपी कनेक्शन की जांच की मांग पर महाराष्ट्र के गृह मंत्री अनिल देशमुख की प्रतिक्रिया भी सामने आई थी। शनिवार को उन्होंने कहा, 'मुझे संदीप सिंह और बीजेपी के बीच संबंधों की जांच करने के लिए कई अनुरोध और शिकायतें मिलीं, जिन्होंने पीएम मोदी की बायोपिक बनाई है। बॉलीवुड और ड्रग्स के साथ उनके संबंध के बारे में जांच होना आवश्यक है, मैं सीबीआई से ये अनुरोध करूंगा कि संदीप सिंह मामले की भी जांच हो।'
Recommended Video

कभी आइसक्रीम बेचते थे संदीप
सुशांत सिंह राजपूत की तरह ही संदीप सिंह भी मूलतः बिहार के रहने वाले हैं। हालांकि, उनकी परवरिश मुंबई के मीरा रोड में हुई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शुरुआती दौर संदीप के लिए काफी मुश्किल था। इस दौरान वह आइसक्रीम भी बेचा करते थे। बच्चों को ट्यूशन्स पढ़ाते थे। करियर की शुरुआत संदीप ने मीडिया इंडस्ट्री के साथ की। कुछ मीडिया संस्थान से होते हुए वह रेडियो स्टेशन में पहुंच गए। यहीं से उन्होंने फिल्मी दुनिया में एंट्री ली।












Click it and Unblock the Notifications