Surajkund Mela Accident: सूरजकुंड मेला हादसे में झूला मालिक समेत दो गिरफ्तार, वेंडर पर भी केस दर्ज
Surajkund Mela Accident: हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित सूरजकुंड मेले में शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया था। मेले में लगा एक झूला अचानक टूटकर गिर गया, जिससे एक पुलिस इंस्पेक्टर की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में झूला मालिक समेत दो गिरफ्तारी हुई हैं। वेंडर पर भी केस दर्ज किया गया है। हादसे के बाद सुरक्षा के मद्देनजर मेला परिसर को खाली करा दिया गया।
मृतक पुलिस इंस्पेक्टर की पहचान जगदीश प्रसाद के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि घटना के समय झूले पर करीब 26 लोग सवार थे और आसपास भी बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद थे। शाम करीब 6 बजे तकनीकी खराबी के कारण झूला अचानक असंतुलित होकर टूट गया। इससे चारों ओर अफरा-तफरी मच गई।

Surajkund Mela Accident: झूला मालिक समेत 2 गिरफ्तार
- घटना के बाद पुलिस ने तुरंत जांच शुरू कर दी है। पुलिस आयुक्त के मुताबिक, झूला लगाने वाली कंपनी हिमाचल केयर फन केयर के मालिक मोहम्मद शाकिर (जिला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश) को अरेस्ट किया है।
- एक अन्य आरोपी नितेश (मेरठ, उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों पर लापरवाही बरतने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के आरोप हैं।
Surajkund Mela Accident Update: एक पुलिसकर्मी की जान गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा होते ही ड्यूटी पर तैनात इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद लोगों को बचाने के लिए आगे बढ़े। इसी दौरान झूले का एक हिस्सा दोबारा टूटकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें झूला टूटने का भयावह दृश्य कैद है।
इस घटना ने मेले की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि झूला तकनीकी खराबी से टूटा या रखरखाव में लापरवाही बरती गई। अन्य जिम्मेदार लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। हरियाणा के डीजीपी और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने रविवार को अस्पताल में घायलों से मुलाकात की।












Click it and Unblock the Notifications