सुप्रीम कोर्ट पहुंचा झारखंड में जज की मौत का मामला, CJI रमन्ना की बेंच ने लिया संज्ञान
नई दिल्ली, 30 जुलाई: झारखंड के धनबाद में जिला और सत्र न्यायाधीश उत्तम आनंद को कथित तौर पर ऑटो से कुचलकर मारने का मामला सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। चीफ जस्टिस एनवी रमन्ना की अध्यक्षता वाली बेंच ने इसपर संज्ञान लिया है।पीठ ने कहा है कि अदालत के अंदर और बाहर कई न्यायिक अधिकारियों और वकीलों पर हमले के मामले सामने आए हैं। जजों और वकीलों पर हमलों को गंभीरता से लिया जाना जरूरी है। बेंच ने कहा कि यह अदालत देश में न्यायिक अधिकारियों की सुरक्षा को सुनिश्चित करना चाहती है।
Recommended Video

चीफ जस्टिस रमन्ना ने इस मामले को लेकर झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस से भी बात की है। झारखंड हाईकोर्ट ने भी इस मामले में संज्ञान लेकर राज्य सरकार से घटना पर जवाब मांगा है। झारखंड हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस ने इस मामले में पुलिस और प्रशासन के अफसरों को भी नोटिस जारी किया है।
क्या है मामला?
झारखंड के धनबाद में जिला और सत्र न्यायाधीश उत्तम आनंद मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। इसी दौरान एक ऑटो ने पीछे से उनको टक्कर मार दी। जिससे वो बुरी तरह से घायल हुए और उनकी मौत हो गई। इस घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद ये शक गहरा गया कि ये दुर्घटना नहीं बल्कि एक साजिश के तहत की गई हत्या है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि ऑटो ने जानबूझकर मॉर्निंग वॉक पर निकले जज को टक्कर मारी। ये शक और तब गहरा गया जब सामने आया कि जज उत्तम आनंद कई हाईप्रोफाइल केस की सुनवाई कर रहे थे और जिस ऑटो से उनको टक्कर मारी गई वो भी चोरी किया गया था।
दो लोग गिरफ्तार
इस मामले में पुलिस ने ऑटो को गिरीडीह से बरामद कर लिया है। पुलिस ने दो लोगों को भी गिरफ्तार किया है। ऑटो ड्राइवर और उसके एक सहयोगी को गिरिडीह से गिरफ्तार कर लिया है। ऑटो चालक और उसके एक सहयोगी को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। घटना की जांच के लिए एक एसआईटी का भी गठन किया गया है। तकनीकी साक्ष्य जुटाने के लिए धनबाद एसएसपी संजीव कुमार ने सिटी एसपी आर रामकुमार और एएसपी मनोज स्वर्गियारी की अगुवाई में कई टीमें बनाई हैं।
झारखंड के धनबाद में अपर जिला न्यायाधीश उत्तम आनंद की हत्या पर अमोल विनुकांत होमकर ने बताया कि जांच और सीसीटीवी फुटेज के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर, अपराध में शामिल 2 लोगों और ऑटो की पहचान की गई। लखन कुमार वर्मा और राहुल वर्मा को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से ऑटो जब्त किया गया। उन्होंने अपराध कबूल कर लिया है।












Click it and Unblock the Notifications