सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा अडानी ग्रुप का मामला, याचिका दायर कर जांच की मांग, कल होगी सुनवाई
हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट की जांच को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई, जिस पर कोर्ट शुक्रवार को सुनवाई करेगा।

Adani Group Hindenburg Report Row: पूरे देश में अडानी ग्रुप पर आई हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद हंगामा मचा हुआ है। संसद से लेकर सोशल मीडिया तक हर जगह अडानी ग्रुप की बात हो रही है। इस बीच हिंडनबर्ग रिसर्च रिपोर्ट की जांच को लेकर सुप्रीम कोर्ट में एक याचिका दायर की गई, जिस पर कोर्ट शुक्रवार को सुनवाई करेगा।
अमेरिका बेस्ड शॉर्ट-सेलिंग फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च की एक रिपोर्ट के पब्लिश होने के अडानी समूह का मामला सुप्रीम कोर्ट जा पहुंचा है। इस पूरे मामले पर एक और जनहित याचिका दायर की गई है। पीआईएल याचिकाकर्ता एडवोकेट विशाल तिवारी ने मामले को तत्काल सूचीबद्ध करने के लिए गुरुवार को चीफ जस्टिस डी वाई चंद्रचूड़, जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस जेबी पारदीवाला के समक्ष उल्लेख किया।
याचिका में हिंडनबर्ग की रिपोर्ट की जांच सुप्रीम कोर्ट के एक सेवानिवृत्त न्यायाधीश की निगरानी में कराए जाने की मांग की गई है। साथ ही याचिका में कहा गया है कि कोर्ट इसके लिए केंद्र को एक समिति गठित करने का निर्देश दें।
Recommended Video
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक मुख्य न्यायाधीश द्वारा यह पूछे जाने पर कि मामला क्या है, जिस पर अधिवक्ता विशाल तिवारी ने कहा, "ऐसी ही एक याचिका कल भी आ रही है। यह हिंडनबर्ग रिपोर्ट से संबंधित है जिसने देश की छवि को धूमिल किया है और नुकसान पहुंचाया है। दूसरे मामले के साथ इस पर भी कल सुनवाई हो सकती है।" चीफ जस्टिस ने अनुरोध पर सहमति व्यक्त की और जनहित याचिका को एक और के साथ टैग करने का निर्देश दिया, जो कि शुक्रवार (10 फरवरी) को सूचीबद्ध है।
अडानी मामले में संसद में हंगामा
यूएस बेस्ड फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में अडानी ग्रुप पर फर्जी लेनदेन और शेयर की कीमतों में हेरफेर सहित कई गंभीर आरोप लगाए गए थे। हालांकि कंपनी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था, इधर संसद में अडानी मामले में हंगामा मचा हुआ है। कांग्रेस से लेकर विपक्षी दल केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं और जांच की मांग पर अड़े हैं।












Click it and Unblock the Notifications