CJP आंदोलन पर सुप्रीम कोर्ट का फैसला, बिना क्रिमिनल रिकॉर्ड वाले छात्रों को छोड़ो, जख्मी पुलिस पर ये आदेश?
नीट पेपर लीक खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के देशभर में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने 28 जुलाई को बड़ा फैसला सुनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों को सख्त आदेश देते हुए कहा कि प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी 18 साल से कम उम्र के नाबालिगों और बिना किसी आपराधिक रिकॉर्ड वाले छात्रों को फौरन रिहा किया जाए।
मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की पीठ ने साफ किया कि दिल्ली के जंतर-मंतर और अन्य राज्यों में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन से जुड़े छात्रों पर दर्ज एफआईआर (FIR) के तहत फिलहाल कोई कठोर कार्रवाई नहीं होगी। हालांकि यह राहत उन लोगों को नहीं मिलेगी जिनका पुराना क्रिमिनल बैकग्राउंड रहा है।

सुप्रीम कोर्ट ने क्या आदेश दिया?
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच ने कई अंतरिम निर्देश जारी किए। कोर्ट ने कहा कि 18 साल से कम उम्र के सभी छात्रों को रिहा किया जाए। जिन छात्रों का कोई आपराधिक इतिहास नहीं है, उनके खिलाफ दर्ज मामलों में फिलहाल कोई दबाव वाली कार्रवाई न हो।
कोर्ट ने यह भी कहा कि यह राहत उन लोगों को नहीं मिलेगी, जिनका पहले से आपराधिक रिकॉर्ड है। यानी अदालत ने साफ कर दिया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन में शामिल छात्रों और आपराधिक पृष्ठभूमि वाले लोगों के बीच फर्क किया जाएगा।
'जिम्मेदारी तय किए बिना जांच बेमानी': चीफ जस्टिस की सख्त टिप्पणी
अदालत ने छात्रों पर हुई पुलिस की बर्बरता का कड़ा संज्ञान लिया। पीठ ने कहा कि इस पूरे मामले की जांच के लिए एक हाई-पावर्ड कमेटी बनाई जा सकती है, जो पुलिस ज्यादती और पुलिसकर्मियों पर हुए हमलों दोनों पहलुओं की निष्पक्ष पड़ताल करेगी।
सुनवाई के दौरान चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा,
"जांच बिल्कुल स्वतंत्र और निष्पक्ष होनी चाहिए। जिसने भी कानून हाथ में लिया या हद पार की, उसे सजा मिलनी ही चाहिए। जब तक किसी की जिम्मेदारी तय नहीं होगी, तब तक ऐसी जांच का कोई मतलब नहीं रह जाता।"
अदालत ने केंद्र सरकार के साथ-साथ दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, असम, पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश सरकार को नोटिस भेजकर जवाब तलब किया है।
पुलिस के लिए बने नया प्रोटोकॉल, पेलेट गन और कील वाले डंडों पर जताई चिंता
20 जुलाई को संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुए बल प्रयोग को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीर सवाल उठाए। छात्रों के वकील श्याम दीवान ने कोर्ट के सामने पुलिस कार्रवाई के कई सबूत और तस्वीरें पेश कीं।
वकील श्याम दीवान की दलील, "पुलिस ने छात्रों पर पेलेट गन का खतरनाक इस्तेमाल किया, जिससे एक युवा की आंखों की रोशनी चली गई। सिविल ड्रेस में आए पुलिसवालों ने हिंसा की। इसके अलावा बिजली के डंडों (Electric Batons) और कील जड़े डंडों से बच्चों को पीटा गया।"
इस पर चीफ जस्टिस ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है। अब वक्त आ गया है कि प्रदर्शनों से निपटने के लिए पुलिस का एक नया प्रोटोकॉल बने। यह तय होना जरूरी है कि आंसू गैस या ऐसे दूसरे हथियारों का इस्तेमाल किस सीमा तक होना चाहिए।
उपद्रवियों की घुसपैठ पर क्या बोले सॉलिसिटर जनरल?
केंद्र सरकार और दिल्ली पुलिस की तरफ से पेश हुए सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को भरोसा दिया कि सरकार छात्रों पर हुए बल प्रयोग को हल्के में नहीं ले रही है। तु
षार मेहता ने कोर्ट में पक्ष रखते हुए कहा, "अगर छात्रों पर अनुचित बल प्रयोग हुआ है तो यकीनन सख्त एक्शन होगा। लेकिन हमें अपनी पुलिस फोर्स का मनोबल भी नहीं तोड़ना चाहिए, क्योंकि इस हिंसा में 250 पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं। हमारा मानना है कि छात्रों ने हिंसा नहीं की, बल्कि भीड़ में मर्डर, रेप और एनडीपीएस (NDPS) जैसे गंभीर अपराधों में शामिल आपराधिक तत्व (Anti-Social Elements) घुस आए थे। हम इसका पूरा डेटा कोर्ट में रखेंगे।"
मुख्य न्यायाधीश ने भी इस बात से सहमति जताई कि शांत प्रदर्शनों में बिन बुलाए मेहमान यानी अराजक तत्व आकर पूरे आंदोलन पर कब्जा कर लेते हैं।
सबूत सुरक्षित रखने और प्राइवेसी का सख्त निर्देश
सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं और आरजेडी सांसद मनोज झा की उन दलीलों पर भी गौर किया, जिसमें बिहार में छात्रों पर एके-47 (AK-47) का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया था। कोर्ट ने राज्यों को तुरंत ये कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, प्रदर्शन से जुड़े सभी सीसीटीवी, ड्रोन रिकॉर्डिंग, बॉडी कैमरा फुटेज और पीसीआर लॉग को तुरंत सुरक्षित किया जाए।
प्रदर्शनकारी छात्रों का कोई भी व्यक्तिगत डेटा या डिजिटल रिकॉर्ड सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। बिना आपराधिक इतिहास वाले छात्रों के खिलाफ दर्ज मामलों में आगे कोई दंडात्मक कदम नहीं उठाया जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
