India Canada News: गृहमंत्री से मिले सुखबीर सिंह बादल, कहा- कनाडा में रहने वालों में बढ़ रही दहशत
भारत और कनाडा के रिश्ते में तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। इस बीच पंजाब के पूर्व सीएम और अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। साथ ही उन्होंने हालिया घटनाक्रम पर चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि भारत-कनाडा के खराब रिश्ते का असर वहां पर रहने वाले भारतीयों पर पड़ रहा है।
न्यूज एजेंसी से बात करते हुए बादल ने कहा कि भारत और कनाडा के बीच मौजूदा स्थिति का असर अब कनाडा में रहने वाले भारतीय मूल के लोगों पर पड़ रहा है। लोगों के बीच दहशत जैसी स्थिति पैदा हो रही। भारत सरकार को जल्द ही कोई समाधान निकालना चाहिए। मैंने गृहमंत्री अमित शाह से इसी से जुड़ा अनुरोध किया है।

उन्होंने आगे कहा कि भारत के कई छात्र जो कनाडा में पढ़ रहे हैं, वे चिंतित हैं कि अगर उनका वीजा अस्वीकार कर दिया गया तो क्या होगा। मुझे छात्रों से कई फोन आए हैं कि आगे क्या होगा? कनाडा में उनकी पढ़ाई कैसे पूरी होगी? हालिया घटनाक्रमों से दहशत बढ़ती जा रही है। इससे व्यापक प्रतिक्रिया होगी।
निज्जर की हत्या के बाद से बढ़ा विवाद
दरअसल जून में खालिस्तानी आतंकी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या कर दी गई थी। हाल ही में उसको लेकर कनाडा की संसद में प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने बयान दिया। उन्होंने कहा कि निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों का हाथ था। वो ऐसी घटनाओं को बर्दाश्त नहीं करेंगे। इसके साथ ही उन्होंने भारत के एक राजनयिक को निष्कासित कर दिया।
भारत ने भी कनाडा पर पलटवार किया। साथ ही सभी आरोपों को खारिज कर कनाडा के एक राजनयिक को देश छोड़ने का आदेश दिया। तब से दोनों देशों के रिश्ते काफी ज्यादा खराब हो गए हैं।
वीजा पर लगी रोक?
वहीं भारत ने कनाडा के लोगों के लिए वीजा पर रोक लगा दी है। वीजा जारी करने वाले BLS इंटरनेशनल के मुताबिक ऑपरेशन कारणों की वजह से वीजा सर्विस पर रोक लगाई जा रही है। इसी वजह से दोनों देशों के नागरिक टेंशन में हैं।












Click it and Unblock the Notifications