स्वामी बोले पाकिस्तान के खिलाफ तुरंत युद्ध छेड़ देना चाहिए
नई दिल्ली। पाकिस्तान में जिस तरह से कुलभूषण जाधव की मां और पत्नी के साथ बर्ताव किया गया, उसके बाद भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी भड़क गए हैं, उन्होंने कहा कि भारत को पाकिस्तान के खिलाफ तुरंत युद्ध की घोषणा कर देनी चाहिए और उसे चार हिस्सों में बांट देना चाहिए। स्वामी यही नहीं रुके उन्होंने कहा कि हमे पाकिस्तान के खिलाफ गंभीर युद्ध की तैयारी शुरू कर देनी चाहिए। एक कार्यक्रम के दौरान बोलते हुए स्वामी ने कहा कि जिस तरह से कुलभूषण जाधव के परिवार के साथ पाकिस्तान में व्यवहार किया गया वह द्रौपदी के चीरहरण की तरह है, जिसके चलते महाभारत हुआ था।

पाक के चार टुकड़े करने चाहिए
स्वामी ने कहा कि कुलभूषण जाधव के परिवार के साथ हुए बर्ताव से हम काफी दुखी हैं, अब समय आ गया है कि हमे पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर देनी चाहिए और उसके चार टुकड़े कर देने चाहिए। अपने बयान पर सफाई देते हुए स्वामी ने कहा कि मैं यह नहीं कह रहा हूं कि हमे तुरंत पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध की घोषणा कर देनी चाहिए बल्कि अब हमे इसकी गंभीर तैयारियां शुरू कर देनी चाहिए। साथ ही उन्होंने भारत के विदेश मंत्रालय की ओर से पाकिस्तान के नागरिकों को वीजा दिए जाने पर भी तुरंत रोक लगाने की भी मांग की है।

पाक ने आरोपों को खारिज किया
जिस तरह से पाकिस्तान में जाधव के परिवार के साथ बर्ताव किया गया है उसपर भारत की तमाम दलीलों को पाकिस्तान ने खारिज कर दिया। पाकिस्तान में जाधव की मां और पत्नी के जूते जब्त कर लिए गए थे, पाकिस्तान की ओर से कहा गया था कि उनके जूते में कुछ था। भारत की आपत्ति पर पाक की ओर से विदेश मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि हम बेमतलब शब्दों की लड़ाई में शामिल नहीं होना चाहते हैं, मुलाकात के दौरान पाक अधिकारियों के रवैये पर भारत के आरोप बेबुनियाद हैं और तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है, हम इसे खारिज करते हैं।

भारत के दावों में दम नहीं
पाकिस्तान की ओर से कहा गया है कि अगर भारत के दावे सच थे तो उन्हें मीडिया के सामने इन बातों को उठाना चाहिए था। पाकिस्तान ने दावा किया है कि कुलभूषण जाधव की पत्नी और मां के जूतों में कुछ था इसलिए उसे जब्त किया गया था। जूतों की जांच चल रही है और उन्हें दूसरे जूते दे दिए गए हैं। पाक विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता की ओर से कहा गया है कि इंसानिय की खातिर जाधव की मां ने पाकिस्तान का शुक्रिया अदा किया है, जिसे तमाम मीडिया ने रिकॉर्ड किया है।
इसे भी पढ़ें- VIDEO: कुलभूषण जाधव की मां-पत्नी का पाक मीडिया ने किया अपमान, कहा 'कातिल की मां'












Click it and Unblock the Notifications