'ना' कहने की सजा 94% जलना? टीचर के यौन दबाव से छात्रा ने उठाया ये खौफनाक कदम!
Student Self Immolates: ओडिशा के बालासोर से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। फकीर मोहन कॉलेज की एक छात्रा ने कॉलेज परिसर में खुद को आग लगा ली। आरोप है कि कॉलेज के विभागाध्यक्ष समीर कुमार साहू ने उस पर यौन संबंध बनाने का दबाव डाला और अस्वीकार करने पर भविष्य बर्बाद करने की धमकी दी।
इस घटना में छात्रा 95% झुलस गई है, जबकि उसे बचाने की कोशिश में एक अन्य छात्र 70% झुलस गया। दोनों का इलाज भुवनेश्वर एम्स में चल रहा है। पुलिस ने आरोपी विभागाध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया है, और उच्च शिक्षा विभाग ने विभागाध्यक्ष व कॉलेज प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया है।

छात्रा ने पहले की थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
इंटीग्रेटेड बीएड की पढ़ाई कर रही छात्रा ने 1 जुलाई को कॉलेज की आंतरिक शिकायत समिति में विभागाध्यक्ष के खिलाफ शिकायत दर्ज की थी। उसने समीर कुमार साहू पर यौन उत्पीड़न और धमकी देने का आरोप लगाया था।
सूत्रों के अनुसार, समिति ने सात दिनों में कार्रवाई का आश्वासन दिया था, लेकिन कोई कदम नहीं उठाया गया। शनिवार को छात्रा और अन्य छात्रों ने कॉलेज गेट पर प्रदर्शन शुरू किया। इसी दौरान छात्रा ने प्रिंसिपल कार्यालय के पास पेट्रोल डालकर खुद को आग लगा ली।
सीसीटीवी में कैद हुआ हादसा
घटना का खौफनाक वीडियो सामने आया है, जिसमें आग की लपटों में घिरी छात्रा कॉलेज के कॉरिडोर में दौड़ती दिख रही है। एक छात्र अपनी टी-शर्ट उतारकर आग बुझाने की कोशिश करता नजर आया, जबकि अन्य लोग भी मदद के लिए दौड़े। यह दृश्य कॉलेज परिसर में मौजूद लोगों के लिए स्तब्धकारी था।
प्रिंसिपल से मिली थी छात्रा, नहीं मिला समाधान
कॉलेज के प्रिंसिपल दिलीप घोष ने बताया कि छात्रा की शिकायत दर्ज की गई थी और आंतरिक समिति को जांच सौंपी गई थी। 12 जुलाई को छात्रा उनके कार्यालय में आई और विभागाध्यक्ष को बुलाने की मांग की।
प्रिंसिपल ने बताया कि साहू को बुलाया गया, लेकिन वह आरोपों से इनकार करता रहा, जबकि छात्रा अपनी बात पर अडिग थी। प्रिंसिपल ने दोनों को गलत साबित होने पर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी थी।
प्रदर्शन तेज, पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद कॉलेज में छात्रों का विरोध प्रदर्शन और तेज हो गया। बालासोर के एसपी राज प्रसाद ने बताया कि आरोपी समीर साहू को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस सबूत जुटा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का वादा किया गया है।
सांसद ने उठाए जांच समिति पर सवाल
बालासोर के बीजेपी सांसद प्रताप चंद्र सारंगी ने दावा किया कि छात्रा ने कुछ दिन पहले उनसे मुलाकात कर अपनी पीड़ा साझा की थी। उन्होंने छात्रा को आत्महत्या जैसे कदम न उठाने की सलाह दी थी और प्रिंसिपल व एसपी से बात की थी। सारंगी ने आरोप लगाया कि कॉलेज की जांच समिति पक्षपातपूर्ण तरीके से काम कर रही थी और समीर साहू को बचाने की कोशिश की जा रही थी। उन्होंने शिक्षा मंत्री से सख्त कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय महिला आयोग ने लिया कड़ा संज्ञान
राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने ओडिशा के बालासोर में हुई दिल दहलाने वाली घटना पर त्वरित कार्रवाई की है। फकीर मोहन कॉलेज की 20 वर्षीय छात्रा द्वारा विभागाध्यक्ष के कथित यौन उत्पीड़न और शैक्षणिक धमकियों के बाद खुद को आग लगाने के मामले में NCW की अध्यक्ष विजया राहतकर ने ओडिशा के पुलिस महानिदेशक को पत्र लिखा है।
आयोग ने इस मामले में निष्पक्ष और समयबद्ध जांच सुनिश्चित करने, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और पीड़िता को मुफ्त चिकित्सा व मनोवैज्ञानिक सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया है। NCW ने ओडिशा पुलिस से तीन दिनों के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने को कहा है।
उच्च शिक्षा मंत्री का बयान
राज्य के उच्च शिक्षा मंत्री सूर्यवंशी सूरज ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद है। उन्होंने बताया कि आरोपी विभागाध्यक्ष और प्रिंसिपल को निलंबित कर दिया गया है, और शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश दिए हैं। मंत्री ने आश्वासन दिया कि आंतरिक शिकायत समिति की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की जाएगी। सरकार छात्रा और उसे बचाने वाले छात्र के इलाज का पूरा खर्च वहन करेगी।
कॉलेज प्रशासन पर सवाल
इस घटना ने कॉलेज प्रशासन और आंतरिक शिकायत समिति की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। छात्रों का गुस्सा और सांसद के आरोपों ने मामले को और गंभीर बना दिया है। पुलिस और शिक्षा विभाग की जांच पर अब सभी की नजरें टिकी हैं।
मदद बस एक कॉल दूर
पहचान पूर्णतः गोपनीय , पेशेवर परामर्श सेवा
iCALL मेंटल हेल्पलाइन नंबर: 9152987821
सोम - शनि: सुबह 10 बजे - शाम 8 बजे












Click it and Unblock the Notifications