दिल्ली के पहले Omicron मरीज की आपबीती, बताया- क्या लक्षण थे और कैसे इलाज हुआ?
दिल्ली में ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित पहले मरीज ने अपनी आपबीती बयां की है।
नई दिल्ली, 22 दिसंबर: कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के मामले देश में बढ़कर 213 हो गए हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को जानकारी दी, कि अब तक देश के 15 राज्यों में ओमिक्रॉन का संक्रमण फैल चुका है, जिनमें से दिल्ली के अंदर इस नए वेरिएंट के सबसे ज्यादा 57 मरीज मिले हैं। इस बीच दिल्ली में ओमिक्रॉन वेरिएंट के सबसे पहले संक्रमित मरीज के तौर पर दर्ज शख्स ने संक्रमण होने के बाद के लक्षणों और इलाज को लेकर कुछ अहम बातों का खुलासा किया है। मूल रूप से झारखंड के रांची के रहने वाले 37 वर्षीय साहिल ठाकुर दिल्ली में ओमिक्रॉन से संक्रमित हुए सबसे पहले मरीज हैं, जिन्हें अब अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है।

बिजनेस के काम से दुबई गए थे साहिल
एचटी की खबर के मुताबिक, साहिल ठाकुर फिलहाल होम आइसोलेशन में हैं, जहां 14 दिन तक उनके स्वास्थ्य की निगरानी की जाएगी। साथ ही उनके घर के बाहर कुछ पुलिसकर्मी भी तैनात किए गए हैं, ताकि मरीज के संपर्क में बाहर का कोई व्यक्ति ना आए। साहिल ठाकुर बिजनेस के किसी काम से बीते दिनों दुबई गए और 4 दिसंबर को वापस भारत लौटे। जब उन्होंने जांच कराई तो उनकी कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई और इसके बाद 8 दिसंबर को उनके सैंपल की जीनोम सीक्वेंसिंग में पता चला कि वो ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित हुए हैं।

'एयरपोर्ट पर नहीं हुई कोरोना जांच, खुद कराया टेस्ट'
साहिल ठाकुर ने बताया, 'हम लोगों से एयरपोर्ट पर ई-सुविधा फॉर्म भरने के लिए कहा गया और इसके बाद सभी यात्रियों की जांच करने के बजाय, रेंडमली कोविड जांच की गई। एयरपोर्ट पर मेरी कोरोना वायरस जांच नहीं हुई, इसलिए मैं बाहर निकल आया। साथ ही मुझे खांसी, गले में खराश या बुखार जैसा कोई लक्षण भी नहीं था। इसलिए, मैं सीधे अपने घर गया और एहतियात के तौर पर खुद को आइसोलेट कर लिया। लेकिन, मुझे 7 दिसंबर को मुंबई के लिए निकलना था, इसलिए, मैंने खुद से अपनी कोरोना वायरस की जांच कराई।'
Recommended Video

'कोरोना वायरस का कोई लक्षण नहीं दिखा'
साहिल ठाकुर ने आगे बताया, '6 दिसंबर को मेरी कोरोना वायरस की रिपोर्ट आई, जिसमें मैं पॉजिटिव था, इसलिए मुझे मुंबई जाने का अपना प्लान कैंसल करना पड़ा। इसके दो दिन बाद मुझे स्वास्थ्य विभाग की तरफ से बताया गया कि मैं ओमिक्रॉन वेरिएंट से संक्रमित हूं। 11 दिसंबर तक मुझे होम आइसोलेशन में ही रहने के लिए कहा गया और इसके बाद मुझे दिल्ली के एलएनजेपी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। उस समय तक भी मुझे मेरे अंदर कोरोना वायरस का कोई लक्षण नहीं दिखा।'

दूसरी बार कोरोना से संक्रमित हुए हैं साहिल
ऐसा दूसरी बार है, जब साहिल ठाकुर की कोरोना वायरस रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। साहिल इससे पहले महामारी की पहली लहर के दौरान भी कोरोना वायरस से संक्रमित हुए थे। उन्होंने बताया, 'मैं खुद को भाग्यशाली मानता हूं कि ओमिक्रॉन वेरिएंट बहुत ज्यादा संक्रामक होने के बावजूद मेरे माता-पिता की कोरोना वायरस रिपोर्ट नेगेटिव आई है। इसके अलावा मेरे संपर्क में आए कुछ लोगों ने भी अपनी जांच कराई और किसी की रिपोर्ट पॉजिटिव नहीं आई है।'

'पुलिसकर्मी लाकर देते हैं रोजमर्रा का सामान'
आपको बता दें कि साहिल ठाकुर दिल्ली के रोहिणी इलाके में रहते हैं, जहां इस समय उनके घर के बाहर कुछ पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। साहिल ने बताया, 'पुलिसकर्मियों का स्वभाव बहुत ही विनम्र है और चूंकि हमारे घर से कोई भी शख्स बाहर नहीं जा सकता, इसलिए यही लोग हमें दैनिक उपयोग का सामान भी लाकर देते हैं।'
ये भी पढ़ें- कोरोना के केस फिर बढ़े: 24 घंटों में मिले 6317 नए मरीज, ओमिक्रॉन के मामले बढ़कर हुए 213











Click it and Unblock the Notifications