कोरोना के केस फिर बढ़े: 24 घंटों में मिले 6317 नए मरीज, ओमिक्रॉन के मामले बढ़कर हुए 213
coronavirus cases in india, coronavirus vaccine, omicron cases in india, omicron cases in delhi, omicron coronavirus, भारत में कोरोना वायरस के केस, कोरोना वायरस वैक्सीन, भारत में ओमिक्रॉन के केस, दिल्ली में ओमिक्रॉन के
नई दिल्ली, 22 दिसंबर: कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के खतरे के बीच देश में संक्रमण के मामलों में एक बार फिर से उछाल आया है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय ने बुधवार को आंकड़े जारी करते हुए बताया कि बीते 24 घंटों के भीतर देश में कोरोना वायरस के 6317 नए मामले सामन आए हैं, जबकि 318 लोगों की मौत हुई है। एक दिन पहले मंगलवार को कोरोना वायरस के दैनिक मरीजों की संख्या 5326 थी। यानी पिछले 24 घंटों के भीतर कोरोना वायरस के मामलों में 18 फीसदी की बढ़ोत्तरी हुई है।
Recommended Video

इसके अलावा पिछले एक दिन के दौरान कोरोना वायरस के 6906 मरीज ठीक भी हुए हैं। कोरोना वायरस के मरीजों का रिकवरी रेट बढ़ने से संक्रमण के एक्टिव मामलों में कमी आई है और फिलहाल यह आंकड़ा 78190 है। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या पिछले 575 दिनों में सबसे कम है।
देश में ओमिक्रॉन के मामले बढ़कर हुए 213
कोरोना वायरस के दैनिक मामलों के अलावा देश में ओमिक्रॉन वेरिएंट के मामले भी बढ़े हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के 15 राज्यों में कोरोना वायरस के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन के अब तक 213 मामले मिल चुके हैं। इनमें सबसे ज्यादा मामले देश की राजधानी दिल्ली से हैं, जहां ओमिक्रॉन से संक्रमित मरीजों की संख्या 57 है। दिल्ली के बाद महाराष्ट्र दूसरे नंबर पर है, जहां अब तक ओमिक्रॉन वेरिएंट के 54 केस मिल चुके हैं।
अभी तक ओमिक्रॉन के 90 मरीज ठीक
हालांकि ओमिक्रॉन के 90 मरीज अब तक ठीक भी हो चुके हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश में अभी तक ओमिक्रॉन के जो मरीज मिले हैं, उनमें ज्यादातर बिना लक्षणों वाले या फिर हल्के लक्षणों वाले हैं। महाराष्ट्र और दिल्ली के अलावा अब तक तेलंगाना में 24, कर्नाटक में 19, राजस्थान में 18, केरल में 15, गुजरात में 14, जम्मू कश्मीर में 3, ओडिशा-यूपी में 2-2 और आंध्र प्रदेश, चंडीगढ़, लद्दाख, तमिलनाडु व पश्चिम बंगाल में ओमिक्रॉन वेरिएंट का एक-एक मरीज मिल चुका है।












Click it and Unblock the Notifications