सुशांत को ड्रग्स दिए जाने की बात पर भांजी ने कहा- सांस लेना मुश्किल हो गया है, क्यों उन्हें इतना कष्ट दिया
नई दिल्ली। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में रोजाना नए खुलासे हो रहे हैं। इस मामले की जांच सीबीआई और ईडी के साथ साथ एनसीबी भी कर रहा है। हाल ही में मुख्य आरोपी रिया चक्रवर्ती के डिलीट हुए व्हॉट्सएप चैट से ड्रग्स का एंगल सामने आया था। जिसके बाद रिया पर ड्रग्स की डीलिंग करने और सुशांत को बिना बताए ड्रग्स देने का आरोप लगा है। इसपर अब सुशांत की भांजी मल्लिका ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। अपने मामा को ड्रग्स दिए जाने की खबर से मल्लिका काफी गुस्से में हैं और उन्होंने ट्विटर पर बताया है कि वह कैसा महसूस कर रही हैं।
Recommended Video

क्यों उन्हें इतना कष्ट दिया?
मल्लिका ने कहा, 'मैं ये कल्पना भी नहीं कर सकती कि आपको कैसा लगता होगा जब कोई आपको बिना बताए ड्रग्स दे रहा हो, जब ड्रग्स अपना असर दिखाते होंगे तो आपको पागल कहा जाता हो और आपको कई महीनों तक ऐसे ही रखा जाता हो। किसी के साथ ऐसा करने के लिए बहुत निर्दयता की जरूरत है।' एक अन्य ट्वीट में मल्लिका कहती हैं, 'उनका ना होना, उनके साथ जो किया गया, तभी से मेरे आसपास हवा में तैरता रहता है। सांस लेना मुश्किल हो गया है। वो ऐसे थे कि आप उनसे केवल प्यार कर सकते थे। क्यों उन्हें इतना कष्ट दिया? किस लिए? उनकी मुस्कान और जिंदगी से ज्यादा कीमती क्या था? मैं कुछ समझ नहीं पा रही हूं।'

सुशांत के पिता ने की गिरफ्तारी की मांग
इससे पहले सुशांत के पिता केके सिंह ने कहा था कि रिया उनके बेटे को लंबे समय से जहर पिलाया करती थी, वो उनकी हत्यारी है। जांच एजेंसियों को चाहिए कि रिया और उसके सहयोगियों को अविलंब गिरफ्तार करें और सजा दिलाएं। मामले में ड्रग्स का एंगल सामने आने पर सुशांत की बहन श्वेता सिंह कीर्ति ने कहा है, 'काश, भाई उस लड़की से कभी ना मिले होते। किसी को बिना उसकी अनुमति के ड्रग्स देना और फिर उसे ऐसा यकीन दिलाना की तुम ठीक नहीं हो, उसे मनोचिकित्सकों के पास लेकर जाना... ये किस लेवल की हेरफेर है। तुम अपनी आत्मा को क्या जवाब दोगी।'

रिया पर लगे गंभीर आरोप
आपको बता दें सुशांत के परिवार ने रिया चक्रवर्ती, उनके परिवार और कुछ अन्य लोगों पर अभिनेता के साथ धोखाधड़ी करने, साजिश रचकर उनका पैसा हड़पने और उन्हें आत्महत्या के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया था। साथ ही कहा है कि रिया ने सुशांत के अकाउंट से 15 करोड़ रुपये गायब किए हैं। इस मामले में ईडी मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से जांच कर रहा है। साथ ही एजेंसी ने दो बार रिया से पूछताछ भी की है। जब रिया के व्हॉट्सएप पर डिलीट किए गए मैसेज का पता लगाया गया, तो उसमें ड्रग्स की डिलींग से संबंधित बात सामने आई।












Click it and Unblock the Notifications