श्री श्री रवि शंकर के कार्यक्रम को अनुमति देने में मेरी कोई भूमिका नहीं: उमा भारती
नयी दिल्ली। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षरण मंत्री उमा भारती ने स्पष्ट किया है कि दिल्ली में यमुना नदी के तट पर आयोजित विश्व संस्कृति समारोह की अनुमति देने में उनके मंत्रालय की कोई भूमिका नहीं है। आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत करते हुए उमा ने कहा, 'मैं यह स्पष्ट करना चाहूंगी कि इस समारोह के लिए अनुमति देने या उसे रद्द करने में मेरे मंत्रालय की कोई भूमिका नहीं है।

उमा भारती ने यह उम्मीद जताई कि कार्यक्रम के आयोजक पर्यावरण संबंधी विभिन्न शर्तों को समझने में और उसे पूरा करने में पूरी तरह से सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि 'यमुना की स्थिति इस समय इतनी खराब है कि मुझे उम्मीद है कि इस कार्यक्रम के सफल आयोजन से उसमें कुछ सुधार आयेगा। मुझे यकीन है कि श्री श्री के इस कार्यक्रम से यमुना को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा।' नमामि गंगे कार्यक्रम के संदर्भ में उमा ने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वयं उन्हें निर्देश दिया है कि आगे जब भी गंगा का सामाजिक कार्यक्रम शुरू हो तो उसमें श्री श्री रवि शंकर और बाबा रामदेव जैसे संतों का सक्रिय सहयोग लिया जाए।












Click it and Unblock the Notifications