कुछ ही देर में रूस से हैदराबाद पहुंचेगी स्पूतनिक वी वैक्सीन की 150,000 डोज की पहली खेप
भारत में आज कोरोना वायरस टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू हो गया। इसी बीच आज भारत को रूस की स्पूतनिक वी वैक्सीन की (150,000) खुराक प्राप्त होंगी।
नई दिल्ली, 1 मई। भारत में आज कोरोना वायरस टीकाकरण का तीसरा चरण शुरू हो गया। इसी बीच आज भारत को रूस की स्पूतनिक वी वैक्सीन की (150,000) खुराक प्राप्त होंगी। इसके अतिरिक्त वैक्सीन की 30 लाख अन्य डोज इस माह के अंत में भारत को प्राप्त होंगी। भारत और मास्को आधारित राजनायिकों के अनुसार 150,000 वैक्सीनों के साथ एक उड़ान रूस से आज सुबह निकल चुकी है और जल्द ही इन वैक्सीनों को हैदराबाद स्थिति डॉ. रेड्डी की प्रयोगशालाओं के हवाले कर दिया जाएगा। टीकाकरण की खुराक सौंपे जाने से पहले, रूसी वैक्सीन के भारतीय साझेदार केंद्रीय दवा प्रयोगशाला, कसौली से अनिवार्य अनुमोदन लेंगे।
मालूम हो कि फाइजर और मॉडेर्ना वैक्सीन के अलावा स्पूतनिक वी वैक्सीन को कोरोना वायरस पर 90% तक प्रभावी माना गया है। भारत ने इस वैक्सीन के इस्तेमाल को 12 अप्रैल को मंजूरी दी थी। इस वैक्सीन को इस वैक्सीन को गामाले नेशनल रिसर्च इंस्टीट्यूट ऑफ एपिडेमियोलॉजी एंड माइक्रोबायोलॉजी ने रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष (आरडीआईएफ) के सहयोग से बनाया है। वैक्सीन की दो खुराक 21 दिन के अंतराल पर लगाई जाती हैं। अधिकारियों ने बताया कि वैक्सीन की 5 लाख खुराक जून में और लगभग 10 लाख खुराक जुलाई में भारत को पहुंचाई जाएंगी। भारत ने रूसे से जल्द से जल्द वैक्सीन की सप्लाई करने को कहा है।
यह भी पढ़ें: कोरोना वायरस के कारण पूर्व सांसद और बाहुबली शहाबुद्दीन का निधन, तेजस्वी ने ट्वीट कर जताया दुख
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से 28 अप्रैल को हुई पीएम मोदी की लंबी बातचीत के बाद स्पूतनिक वी वैक्सीन की सप्लाई शुरू हुई। मास्को में बैठे राजनायिकों ने कहा कि दोनों के बीच बातचीत काफी अच्छी रही और रूस इस कठिन समय में भारत के साथ खड़ा है।