'विकास बिहार जा रहा है तो यूपी को क्यों छोड़ रहे हैं?', अखिलेश यादव ने मोदी सरकार को घेरा
Parliament Budget Session 2024: मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का पहला बजट 2024-25 मंगलवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पेश किया। इस बार के बजट में बिहार और आंध्र प्रदेश के लिए जमकर घोषणाएं हुई है, जिसे विपक्षी इसे 'सरकार बचाओ' बजट बता रहे हैं।
बजट में यूपी के लिए कुछ खास ऐलान नहीं होने के चलते एक बार फिर बुधवार को संसद सत्र के दौरान मीडिया से बात करते हुए समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव ने मोदी और योगी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि "हम सभी मांग कर रहे थे कि किसानों को एमएसपी मिले, लेकिन समर्थन मूल्य किसानों को नहीं, बल्कि अपनी सरकार बचाने वाले गठबंधन सहयोगियों को दिया जा रहा है।

अखिलेश यादव बोले-'बजट से यूपी गायब'
कन्नौज सांसद अखिलेश यादव ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि, "समर्थन मूल्य किसान को ना देकर गठबंधन के साथियों को दे रहे हैं। उत्तर प्रदेश को बड़े सपने दिखाए थे, क्या मिला उत्तर प्रदेश को? डबल इंजन की सरकार है तो डबल लाभ मिलना चाहिए था।"
उन्होंने आगे कहा कि, "दिल्ली का लाभ लखनऊ का लाभ, लेकिन लगता है कि दिल्ली अब लखनऊ की ओर नहीं देख रही है या लखनऊ वालों ने दिल्ली वालों को नाराज कर दिया उसका परिणाम बजट में दिखाई दे रहा है।"
'विकास बिहार जा रहा है तो उत्तर प्रदेश...'
वहीं बजट में बिहार के लिए की गई जमकर घोषणाओं को लेकर सपा प्रमुख ने कहा कि, "विकास बिहार जा रहा है तो उत्तर प्रदेश को क्यों छोड़ रहे हैं? बाढ़ अगर बिहार की रोकनी है तो नेपाल और उत्तर प्रदेश की बाढ़ रोके बिना आप बिहार की बाढ़ कैसे रोकेंगे? आप पहले उत्तर प्रदेश और नेपाल की बाढ़ रोके तो बिहार की बाढ़ अपने आप रुक जाएगी।"
RJD सांसद मीसा भारती का बयान
बजट में बिहार को लेकर RJD सांसद मीसा भारती ने कहा, "बिहार को मिला क्या है?... कहीं ना कहीं उन्हें एक झुनझुना और लॉलीपॉप देकर पीएम के सर पर लटक रही तलवार को टाला गया है... इसमें मध्यम वर्ग के लिए कुछ नहीं है। युवाओं के लिए कुछ नहीं है रोजगार पर कोई बात नहीं हुई है। बहुत सी योजनाएं जिसकी इन्होंने घोषणा की है वो पहले से चल रही है, बस उसे नए तरीके से पैक कर प्रस्तुत किया गया है...बिहार में चुनाव है इसलिए हमें और जनता को लगता है कि ये चुनावी घोषणाएं साबित होंगी।"












Click it and Unblock the Notifications