लोकसभा चुनाव: सपा-बसपा का प्लान, दोनों दल करेंगे साझा चुनावी रैलियां
नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में दो धुरविरोधी दलों सपा और बसपा ने साथ मिलकर चुनाव लड़ने का फैसला किया था। यूपी की 80 लोकसभा सीटों में से अमेठी और रायबरेली की दो सीटें छोड़कर बाकी 78 पर सपा-बसपा और रालोद का गठबंधन चुनाव लड़ रहा है। समाजवादी पार्टी 37 और बसपा 38 सीटों पर जबकि रालोद तीन सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि लोकसभा चुनाव के प्रचार के लिए दोनों दल संयुक्त रैलियां करेंगे।

दोनों दल करेंगे साझा रैलियां- अखिलेश
बुधवार को बसपा सुप्रीमो मायावती के साथ हुई मीटिंग के बारे में अखिलेश यादव ने बताया कि बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई। हमनें सपा-बसपा की रैलियों के बारे में बात की। हमनें दोनों दलों की साझा रैली भी प्लान की है। अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। सभी राजनीतिक दल अपने उम्मीदवार घोषित कर रहे हैं। सपा-बसपा ने भी कुछ उम्मीदवारों के नामों का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अब वक्त जनता के बीच जाने का है।

योगी सरकार पर साधा निशाना
अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि इस सरकार ने लोगों से किए हुए वादे पूरे नहीं किए। नौकरियां कहां हैं? लैपटॉप का वादा किया था, उसका क्या हुआ। हालांकि इस दौरान अखिलेश यादव ने कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी की भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर से मुलाकात पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इसको लेकर पूछे गए सवाल को उन्होंने टाल दिया।

सूबे की 78 सीटों पर चुनाव लड़ रहा महागठबंधन
सपा-बसपा और रालोद तीनों दल मिलकर सूबे की 78 सीटों पर चुनाव लड़ेंगे जबकि दो सीटों- अमेठी और रायबरेली में महागठबंधन ने उम्मीदवार ना उतारने का फैसला किया था। बता दें कि यूपी की 80 सीटों पर सात चरणों में चुनाव संपन्न होंगे। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में वोटिंग 11 अप्रैल को होगी जबकि 19 मई को आखिरी चरण में मतदान होंगे। लोकसभा चुनावों के परिणाम 23 मई को घोषित किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications