Sourav Ganguly: दुर्गापुर एक्सप्रेस-वे पर सौरव गांगुली की कार का एक्सीडेंट, बाल-बाल बचे दादा
Sourav Ganguly News: टीम इंडिया के पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरव गांगुली की कार एक हादसे का शिकार हो गई। यह हादसा गुरुवार देर शाम को दुर्गापुर एक्सप्रेस-वे पर हुआ है। ऐसा बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त सौरव गांगुली कार से एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बर्दवान जा रहे थे।
गनीमत है कि इस हादसे में सौवर गांगुली और उनके काफिले में सामिल किसी को कोई चोट नहीं आई। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दंतनपुर के पास पूर्व क्रिकेटर सौरव गांगुली के काफिले के सामने अचानक से एक लॉरी सामने आ गई थी। लॉरी के सामने आ जाने की वजह से सौरव गांगुली के काफिले में शामिल गाड़ियों को अचानक से ब्रेक लगाने पड़े।

ब्रेक लगाने की वजह से काफिले में शामिल गाड़ियां आपस में टकरा गईं। उनमें से एक कार सौरव गांगुली की गाड़ी से जा टकराई। जिस वक्त यह हादसा हुआ, उस समय बारिश भी हो रही थी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि ना तो दादा यानी सौरव गांगुली को और ना ही काफिले में उनके साथ मौजूद कोई भी व्यक्ति घायल नहीं हुआ।
खबर के मुताबिक, सौरव गांगुली के काफिले की दो गाड़ियां क्षतिग्रस्त बताई जा रही हैं। इस हादसे के बाद सौरव गांगुली को करीब 10 मिनट तक सड़क पर इंतजार करना पड़ा। इसके बाद वह दूसरी गाड़ी से कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए। गांगुली ने बर्दवान विश्वविद्यालय में आयोजित प्रोग्राम में शिरकत की।
इस हादसे के बारे में दादपुर थाने के एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना में सौरव गांगुली की कार को कोई नुकसान नहीं हुआ है। हालांकि, काफिले में शामिल दो गाड़ियां टक्कर लगने से क्षतिग्रस्त हुई है।












Click it and Unblock the Notifications