जम्मू कश्मीर: सोपोर एनकाउंटर में एक जवान शहीद, दो आतंकी भी ढेर
सोपोर। नॉर्थ कश्मीर के सोपोर में शुक्रवार को आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। इस मुठभेड़ में दो आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया है। वहीं एनकाउंटर के दौरान घायल हुए 22 राष्ट्रीय राइफल्स के जवान ब्रजेश कुमार भी शहीद हो गए हैं। एनकाउंटर के मद्देनजर अफवाहों को रोकने के लिए इंटरनेट सेवा को बंद कर दिया गया है। एनकाउंटर बरामूला के सोपोर के मलगानीपोरा में हुआ।

गुरुवार को ढेर हुए थे चार आतंकी
सोपोर में शुक्रवार को सुबह 22 राष्ट्रीय राइफल्स, स्पेशल ऑपरेशंस ग्रुप (एसओजी) और सीआरपीएफ की ओर से तड़के एक सर्च एंड कार्डन ऑपरेशन (कासो) लॉन्च किया गया था। इसी दौरान एनकाउंटर हुआ और दो आतंकी ढेर कर दिए गए। सूत्रों का कहना है कि कुछ आतंकी भागने में भी कामयाब रहे हैं। सुरक्षाबलों को मारे गए आतंकियों के पास से भारी मात्रा में हथियार बरामद हुए हैं। एनकाउंटर साइट को सुरक्षाबलों की ओर से साफ और सुरक्षित किया जा रहा है। सुरक्षाबलों को मलगानीपोरा में कुछ आतंकियों के छिपे होने की जानकारी मिली थी। इससे पहले गुरुवार को भी सुरक्षाबलों को अनंतनाग के बिजबेहरा स्थित अरवानी में आतंकियों के छिप होने की जानकारी मिली थी। यहां पर भी इंटेलीजेंस इनपुट्स के आधार पर सर्च ऑपरेशन चलाया था और कई घंटों तक चले एनकाउंटर में चार आतंकी ढेर कर दिए गए थे। इन आतंकियों की पहचान हिजबुल मुजाहिद्दन के ओवैस लोन, साहिर मकरू लश्कर-ए-तैयाब के मुजामिल मागरे और आमीर तांत्रे के तौर पर हुई थी।












Click it and Unblock the Notifications