ट्विटर पर शख्स ने कहा- 'भाई, मुझे गर्लफ्रेंड के साथ भागना है', सोनू सूद ने दिया धाकड़ जवाब
सोनू सूद से मदद की गुहार लगाने वाला ये शख्स अपनी गर्लफ्रेंड के साथ भागना चाहता था...
नई दिल्ली। कोरोना वायरस की महामारी के बीच बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद लगातार प्रवासी मजदूरों की मदद करने में जुटे हुए हैं। हालांकि इस दौरान कुछ लोग उनके ट्विटर पर अजीबोगरीब मांग वाले ट्वीट भी कर रहे हैं। कभी कोई उनसे शराब के ठेके पर खुद को पहुंचाने की मांग करता है, तो कभी कोई शख्स अपनी बीवी से तलाक दिलाने के लिए सोनू सूद से गुहार लगाता है। सोनू सूद भी ऐसे ट्वीट्स पर दिल जीतने वाले जवाब दे रहे हैं। अब एक और शख्स ने सोनू सूद से ऐसा ही ट्वीट करते हुए अपनी गर्लफ्रेंड से मिलवाने की गुहार लगाई है, जिसपर सोनू सूद ने एकदम धाकड़ जवाब दिया है।

जानिए सोनू सूद ने क्या जवाब दिया
दरअसल, विशाल अग्रहरि नाम के शख्स ने ट्विटर पर सोनू सूद से कहा, 'भाई...मुझे भी कहीं छोड़ दो...गर्लफ्रेंड के साथ भागना है!! अंडमान निकोबार ही छोड़ दो भाई।' इस ट्वीट पर सोनू सूद ने रिप्लाई करते हुए कहा, 'मेरे पास इससे बेहतर आइडिया है। क्यों ना आप दोनों के साथ आप लोगों के परिवार को भी भेज दूं। चट मंगनी और पट ब्याह।' सोनू सूद का यह रिप्लाई उनके फैंस को काफी पसंद आ रहा है और वो कमेंट कर उनकी इस हाजिरजवाबी की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

क्यो सोनू सूद को मुंबई रेलवे स्टेशन पर रोका गया?
आपको बता दें कि हाल ही में उस वक्त विवाद खड़ा हो गया था, जब मीडिया में खबर चली कि सोनू सूद को मुंबई में रेलवे स्टेशन पर प्रवासी मजदूरों से मिलने से रोका गया है। हालांकि इस मामले पर खुद सोनू सूद ने सामने आकर इन खबरों का खंडन किया। सोनू सूद ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'मुझे स्टेशन में प्रवेश करने से नहीं रोका गया। मैं प्रोटोकॉल का पूरी तरह सम्मान करता हूं और स्टेशन पर उसी का पालन किया। मैंने राज्य सरकार से ट्रेन के लिए निवेदन किया था, ताकि मैं प्रवासियों को उनके परिवारों के साथ सुरक्षित उनके घर भेज सकूं।'

सोनू सूद की मदद से अपने घर पहुंचे प्रवासी मजदूर
एक और ट्वीट करते हुए सोनू सूद ने लिखा, 'स्टेशन पर पहले से ही करीब 2 हजार लोग थे। सभी प्रवासी मजदूरों के चेहरे पर मुस्कान लाने के लिए और मेरी मदद करने के लिए मैं राज्य सरकार, मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे, आदित्य ठाकरे और विधायक असलम शेख का बहुत आभारी हूं और उनका धन्यवाद करता हूं।' आपको बता दें लॉकडाउन लगने के कारण लाखों की संख्या में प्रवासी मजदूर महाराष्ट्र के अलग-अलग हिस्सों में फंस गए थे, जो सोनू सूद की मदद के जरिए आज अपने परिवारों के बीच पहुंच चुके हैं।

महिला ने कहा- पति के साथ नहीं रह सकती तो सोनू ने दिया जवाब
इससे पहले हाल ही में सुश्रिमा आचार्य नामक महिला ने सोनू सूद को टैग करते हुए लिखा, 'सोनू सूद मैं जनता कर्फ्यू लगने के बाद से लॉकडाउन-4 तक, अपने पति के साथ रह रही हूं। क्या आप उन्हें कहीं भेज सकते हैं या फिर मुझे मेरी मां के घर भेज दीजिए, क्योंकि अब मैं उनके साथ और नहीं रह सकती।' इसपर सोनू सूद ने भी एक बेहतरीन अंदाज के साथ महिला को जवाब देते हुए लिखा, 'मेरे पास इससे भी बेहतर प्लान है...मैं आप दोनों को गोवा भेज देता हूं। क्या कहती हैं?' सोनू सूद का यह ट्वीट काफी वायरल हुआ था।

'समंदर के किनारे हूं, अब क्या करूं', सोनू ने कहा- तैर लो
वहीं, बीते दिनों एक अन्य महिला ने भी सोनू सूद से ऐसी ही एक अजीबोगरीब मांग की थी। निखत नाम की इस महिला ने सोनू सूद को टैग करते हुए लिखा, 'सोनू भाई मैं फंसी हुई हूं, समंदर के किनारे हूं, अब क्या करूं, मुझे उस दूसरे किनारे भेज दोगे क्या?' इस पर सोनू सूद ने जवाब देते हुए लिखा, 'थोड़ा रुको... पहले अपने प्रवासी भाइयों को घर छोड़ आता हूं। तब तक थोड़ा तैर के टाइम पास कर लो।'

पृथ्वीराज फिल्म में अक्षय कुमार के साथ दिखेंगे सोनू सूद
गौरतलब है कि तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और पंजाबी समेत हिंदी फिल्मों के जरिए सोनू सूद ने फिल्म इंडस्ट्री में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। हालांकि सोनू सूद को असली पहचान मिली 2009 में तेलुगु भाषा में बनी हॉरर फिल्म अरुंधती से। इस फिल्म में उनके काम की काफी तारीफ की गई। इसके बाद कन्नड़ भाषा में बनी उनकी फिल्म विष्णुवर्धन ब्लॉकबस्टर साबित हुई और इस फिल्म ने करीब 250 करोड़ रुपए की कमाई की। सलमान खान के साथ फिल्म दबंग में उनके नेगेटिव किरदार को भी काफी पंसद किया गया। अब अक्षय कुमार और मानुषी छिल्लर के साथ उनकी फिल्म पृथ्वीराज आने वाली है, जिसका निर्देशन चंद्रप्रकाश द्विवेदी ने किया है।












Click it and Unblock the Notifications