'आप शादी करवा देंगे क्या सर', शख्स की डिमांड पर सोनू सूद ने दिया तगड़ा जवाब
मुंबई। कोरोना काल में प्रवासी मजदूरों के लिए मसीहा बने बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद का लोगों की मदद करने का सिलसिला अभी भी जारी है। चाहे किसी के इलाज का मामला हो, या फिर रोजगार का, सोनू सूद के हाथ मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। कभी-कभी कुछ लोग सोशल मीडिया पर सोनू सूद से ऐसी भी अजीबोगरीब डिमांड कर देते हैं, जिन्हें पूरा कर पाना सोनू सूद के मुश्किल हो जाता है। हालांकि, ऐसी अजीबोगरीब डिमांड पर भी सोनू सूद निराश नहीं करते और अपने रिप्लाई से ना केवल उस यूजर को सटीक जवाब देते हैं, बल्कि अपने फैंस का दिल भी जीत लेते हैं। मंगलवार को भी सोनू सूद से एक यूजर ने ऐसी ही डिमांड कर डाली।

शख्स की डिमांड पर सोनू सूद ने दिया ये जवाब
दरअसल, एक शख्स ने ट्विटर पर सोनू सूद से अपनी शादी कराए जाने की मांग की। राज श्रीवास्तव नाम के इस शख्स ने ट्विटर पर सोनू सूद को टैग करते हुए लिखा, 'आप शादी करवा देंगे क्या सर।' इस ट्वीट पर सोनू सूद ने भी मजेदार जवाब दिया और लिखा, 'क्यों नहीं... शादी के लिए मंत्र भी पढ़ दूंगा। बस लड़की ढूंढने का कष्ट आप कर लें।'
Recommended Video

अक्सर सोनू सूद के पास आती हैं अजीबीगरीब डिमांड
ऐसा पहली बार नहीं है, जब सोनू सूद को सोशल मीडिया पर इस तरह की अजीबोगरीब डिमांड का सामना करना पड़ा है। पिछले साल अक्टूबर के महीने में एक शख्स ने उनसे ट्विटर पर पूछा कि क्या वो उसकी छुट्टियां बिताने के लिए मालदीव भेजने की व्यवस्था कर सकते हैं। शख्स ने अपने ट्वीट में लिखा, 'सर मुझे मालदीव जाना है, पहुंचा दो ना...'। इस ट्वीट पर सोनू सूद ने जवाब देते हुए कहा, 'साइकिल पर जाओगे या रिक्शा पर भाई...?'

'पति से तंग आ गई हूं, मायके भिजवा दो'
इससे पहले एक यूजर ने सोशल मीडिया पर ही उनसे कार की डिमांड कर डाली। जवाब में सोनू सूद ने लिखा, 'सेल्फ ड्राइव क्यों? मैं खुद आपके लिए ड्राइव करूंगा। बस मुझे बता दीजिए कि आपको कौन सी कार पसंद है और एसी का टेंपरेचर कितना रखना है।' इस तरह के ट्वीट्स ने अक्सर सोनू सूद का सामना होता रहता है। कुछ दिन पहले एक महिला ने लिखा कि वो अपने पति से तंग आ गई है, इसलिए उसे उसके मायके भिजवा दें। इसके जवाब में सोनू सूद ने कहा, 'मेरे पास इससे भी बेहतर प्लान है...मैं आप दोनों को गोवा भेज देता हूं। क्या कहती हैं?'

महाशिवरात्रि पर क्यों ट्रोल हुए सोनू सूद
आपको बता दें कि हाल ही में सोनू सूद को सोशल मीडिया पर कुछ लोगों के गुस्से का भी सामना करना पड़ा। दरअसल महाशिवरात्रि के मौके पर सोनू सूद ने एक ट्वीट करते हुए लिखा था, 'भगवान शिव की फोटो फॉरवर्ड करके नहीं, किसी की मदद करके महाशिवरात्रि मनाएं... ओम नम: शिवाय'। इसके बाद यूजर्स ने सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने सोनू सूद से कहा कि वो ईद पर ऐसी अपील क्यों नहीं करते। हालांकि कई यूजर्स ने सोनू सूद का समर्थन भी किया।

अब फिल्मों में लीड रोल निभाएंगे सोनू सूद
वर्क फ्रंट की अगर बात करे, तो सोनू सूद जल्द ही ई. निवास की फिल्म 'किसान' में लीड रोल में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म का निर्माण राज शांडिल्य ने किया है, जो इससे पहले आयुष्मान खुराना स्टारर ड्रीम गर्ल का डायरेक्शन कर चुके हैं। पिछले साल ही दिसंबर में सोनू सूद ने एक इंटरव्यू के दौरान इस बात का खुलासा किया था कि लॉकडाउन में प्रवासी मजदूरों की मदद करने के बाद से फिल्म निर्माता उनसे फिल्मों में लीड रोल करने के लिए संपर्क कर रहे हैं। किसान के अलावा सोनू सूद फिल्म 'पृथ्वीराज' में अक्षय कुमार के साथ भी नजर आने वाले हैं।












Click it and Unblock the Notifications