स्वास्थ्य जांच के लिए विदेश जाएंगी सोनिया, राहुल भी होंगे साथ
सोनिया गांधी लगातार स्वास्थ्य खराब होने के चलते यूपी समेत पांच राज्यों के चुनाव प्रचार में भी हिस्सा नहीं ले पाईं थीं।
नई दिल्ली। लंबे समय से खराब सेहत से जूझ रही कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी जल्दी ही अपने स्वास्थ्य की जांच के लिए विदेश जाएंगी। उनके साथ उनके पुत्र और कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी होंगे। राहुल सोनिया के विदेश से लौटने तक उनके साथ ही रहेंगे। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने गुरुवार को यह जानकारी दी है। आपको बता दें कि सोनिया गांधी लगातार तबियत खराब होने के चलते यूपी समेत पांच राज्यों के चुनाव प्रचार में भी हिस्सा नहीं ले पाईं थीं।

हाल ही में हुए पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बेहद करारी हार का सामना करना पड़ा है। इसको लेकर राहुल गांधी ना सिर्फ विपक्ष बल्कि अपनी पार्टी मे भी निशाने पर हैं। उत्तर प्रदेश में कांग्रेस बेहद खराब प्रदर्शन करते हुए मजह 7 सीट जीत पाई है। तो वहीं उत्तराखंड भी उसके हाथ से निकल गया है। गोवा और मणिपुर में बड़ी पार्टी होने के बावजूद कांग्रेस विपक्ष में है और भाजपा ने सरकार बना ली है। पंजाब में जरूर कांग्रेस को बहुमत मिला है लेकिन उसका श्रेय कैप्टन अमरिंदर सिंह को ही ज्यादा है।
राहुल गांधी ने भी पार्टी की हार पर संगठन में बदलाव की बात कही हैं। वहीं मणिपुर और गोवा में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने पर राहुल गांधी ने कहा कि ये भाजपा की चोरी की सरकार है। राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी ने मणिपुर और गोवा में पैसे का प्रयोग कर सरकार बनाई है।












Click it and Unblock the Notifications