मेडिकल चेकअप के लिए राहुल और प्रियंका संग विदेश जाएंगी सोनिया गांधी
नई दिल्ली, 24 अगस्त। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी मेडिकल चेकअप के लिए आज देश से बाहर जा रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सोनिया गांधी मेडिकल चेकअप के लिए राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के साथ विदेश जा रही हैं। इसके साथ ही जयराम रमेश ने इस बात की भी जानकारी दी है कि राहुल गांधी 4 सितंबर को दिल्ली में महंगाई पर हल्ला बोल रैली को संबोधित करेंगे। दिल्ली वापस आने से पहले सोनिया गांधी अपनी बीमार मां से भी मुलाकात करेंगी।

बता दें कि इससे पहले मंगलवार को सोनिया गांधी ने नवनिर्वाचित देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से राष्ट्रपति भवन में मुलाकात की थी। कांग्रेस पार्टी के भीतर चल रही आंतरिक कलह के बीच सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति से मुलाकात की थी। गौर करने वाली बात है कि हाल ही में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आनंद शर्मा ने पार्टी की अहम राज्य कमेटी की अध्यक्षता से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने कहा था कि जिस तरह से उनका लगातार अपमान किया जा रहा है उसके चलते उनके पास इसके अलावा कोई दूसरा विकल्प नहीं बचा था।
इस बीच आनंद शर्मा को मनाने के लिए हिमाचल प्रदेश के ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के इंचार्ज राजीव शुक्ला को भेजा गया। आनंद शर्मा से मुलाकात के बाद राजीव शुक्ला वापस दिल्ली आए और सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। रिपोर्ट के अनुसार सोनिया गांधी हाल ही में कोरोना संक्रमित हुई थीं।












Click it and Unblock the Notifications