285 करोड़ रुपए की दौलत के लिए मरी मां को 7 साल तक बताया जिंदा, बेटा गिरफ्तार
नई दिल्ली। मां के निधन के बाद बेटे की ऐसी करतूत सामने आई है जिसने इस निस्वार्थ रिश्ते को बदनाम कर दिया है। मुंबई में रहने वाले एक व्यक्ति ने संपत्ति की खातिर मृत मां को जीवित दिखाकर दस्तावेजों के साथ फर्जीवाड़ा किया था, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि कि सुनील गुप्ता नाम के व्यक्ति ने 285 करोड़ की संपत्ति को हासिल करने के लिए दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा करके अपनी मां को मृत दिखाया था, जिसके बाद नोएडा सेक्टर 20 की पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से कई दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।

दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा
पुलिस के अनुसार विजय गुप्ता ने उसके भाई सुनील गुप्ता, पत्नी, दो बेटों और परिवार के अन्य सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। यह मामला सूरजपुर जिला न्यायालय में दर्ज किया गया था। अपनी शिकायत में विजय गुप्ता ने दावा किया था कि 7 मार्च 2011 को उसकी मां की मुंबई में मृत्यु हो गई है। लेकिन 14 मार्च को मेरे भाई सुनील ने मुंबई स्थित रजिस्ट्रार कार्यालय में एफिडेविट दिया है कि 14 मार्च 2011 को उसकी मां ने तमाम संपत्ति, गहने, म्युचुअल फंड उसके और उसके परिवार के नाम कर दिया है।
285 करोड़ का मामला
विजय ने अपनी शिकायत में कहा है कि सुनील ने हमारी कंपनी की संपत्ति को अपने दोस्त के अकाउंट में गलत दस्तावेज की मदद से ट्रांसफर कर दिया था, जिसकी वजह से कंपनी को भारी नुकसान उठाना पड़ा था। विजय ने बताया कि सीए की मदद से सुनील ने बैलेंस शीट में बदलाव किया और हमसे जानकारी छिपाने के लिए गलत तरीकों का इस्तेमाल किया। उसने आरोप लगाया है कि उसकी मां के निधन के बाद ही उसके भाई ने यह फर्जीवाड़ा शुरू किया। पुलिस के अनुसार यह पूरा विवााद 285 करोड़ रुपए का है।
पुलिस ने किया गिरफ्तार
विजय ने यह भी आरोप लगाया है कि 22 अक्टूबर को तीन लोगों ने नोएडा स्थित उसके कार्यालय में आकर उसे जान से मारने की धमकी दी और उसके साथ हाथापाई की थी। उसने अपने भाई पर आरोप लगाया है कि उसने ही गुंडे भेजे थे। विजय की शिकायत के आधार पर धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा, आपराधिक षड़यंत्र का मामला दर्ज कर लिया गया है। नोएडा सेक्टर 20 के एसएचओ मनोज कुमार पंत ने बताया कि सुनील, उसकी पत्नी राधा, बेटे अभिषेक को नवी मुंबई स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्हे नोएडा लाया जाएगा और मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद जेल भेज दिया जाएगा।
इसे भी पढ़ें- आगरा: स्कूल से घर लौट रही 10वीं की छात्रा को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, हालत गंभीर












Click it and Unblock the Notifications