यूक्रेन से लौटे छात्रों से मिलने पहुंचीं स्मृति ईरानी और राजीव चंद्रशेखर, कहा- हर नागरिक को वापस लाना ही मकसद
नई दिल्ली, 2 मार्च: यूक्रेन और रूस के बीच युद्ध चरम पर है। इस बीच भारत सरकार यूक्रेन में फंसे भारतीयों को निकालने के लिए 'ऑपरेशन गंगा' चला रही है। जिसके तहत यूक्रेन के पड़ोसी देशों से भारतीय छात्रों और नागरिकों को एयरलिफ्ट कर भारत लाया जा रहा। मोदी सरकार के मंत्री भी एयरपोर्ट पहुंचकर वहां से लाए गए छात्रों का स्वागत करते नजर आ रहे हैं।
Recommended Video

वहीं इंडिगो की विशेष उड़ान से दिल्ली लौटे भारतीय छात्रों का केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने एयरपोर्ट पर स्वागत किया। उन्होंने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि घर वापस आने पर आपका स्वागत है। आपके परिजन सांसे रोककर इंतजार कर रहे हैं। आपने अनुकरणीय साहस दिखाया है। आपको वापस लाने वाले फ्लाइट क्रू भी धन्यवाद के हकदार हैं।
वहीं केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने भी एयरपोर्ट पर छात्रों का स्वागत किया। वापस लौटे छात्रों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि मैं अपनी मातृभूमि में आप सभी का स्वागत करता हूं। पीएम हमारे नागरिकों को सुरक्षित वापस लाने के लिए दृढ़ संकल्पित हैं, जय हिंद। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि छात्रों को यूक्रेन से निकालना एक जटिल ऑपरेशन है। इसमें मदद करने के लिए भारतीय वायुसेना और निजी एयरलाइंस का धन्यवाद।
छात्रों ने जताया आभार
युद्धग्रस्त यूक्रेन से निकलकर भारत पहुंचे छात्रों ने राहत की सांस ली है। मामले में कृष्ण कुमार नाम के छात्र ने कहा कि मैं भारत लौटकर खुश हूं। मुझे उम्मीद है कि अन्य भारतीयों को भी जल्द ही निकाला जाएगा। ऑपरेशन गंगा वास्तव में मददगार है। मैं भारत सरकार को धन्यवाद देता हूं।












Click it and Unblock the Notifications