'Kangana Ranaut को देखते ही थप्पड़ मार देना', कौन है ये कांग्रेस नेता जिसने की BJP MP पर विवादित टिप्पणी?
Kangana Ranaut: तमिलनाडु कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष के.एस. अलागिरी ने बॉलीवुड अभिनेत्री और मंडी से सांसद कंगना रनौत पर विवादित टिप्पणी करके एक नए विवाद को जन्म दे दिया है। दिग्गज नेता ने किसानों को सलाह दी है कि 'अगर कंगना तमिलनाडु में दिखाई पड़ती हैं तो उन्हें देखते ही थप्पड़ मार देना।' जिस पर बवाल मच गया है और लोग जमकर कांग्रेस और अलागिरी की आलोचना कर रहे हैं।
बता दें कि अलागिरी ने बीजेपी MP के एक पुराने बयान पर इस तरह का कमेंट किया है। मालूम हो कि साल 2020 में 'किसान आंदोलन' के दौरान एक्ट्रेस ने कहा था कि 'यहां महिलाएं 100-100 रुपये लेकर आंदोलन में बैठी हैं।'

'धरने पर बैठने के लिए ₹100 दिए गए थे' (Kangana Ranaut)
कंगना रनौत ने, जो सोशल मीडिया पर अपनी बात कहने में कभी पीछे नहीं हटतीं, आरोप लगाया था कि 'एक बुजुर्ग महिला प्रदर्शनकारी को वहां बैठने के लिए ₹100 दिए गए थे'। हालांकि इस पोस्ट को अपमानजनक और गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए बाद में हटा दिया गया था।

'अगर वह यहां आती है, तो उसे थप्पड़ मारो'
अलागिरी ने कहा, 'किसानों ने मुझसे कहा कि कंगना ने उनकी गरिमा, उनके साहस और उनके पसीने को कम करके आंका है। अगर वह यहां आती है, तो उन्हें थप्पड़ मारो।' उन्होंने चंडीगढ़ हवाई अड्डे पर हुई उस घटना का भी जिक्र किया, जहां एक सीआईएसएफ कांस्टेबल ने अभिनेत्री-राजनेता को थप्पड़ जड़ा था। वो भी उनसे किसान आंदोलन के दौरान की गई टिप्पणी से नाराज थी क्योंकि धरना प्रदर्शन करने वाली महिलाओं में उसकी मां भी शामिल थी।
'वे कमजोर जमीन पर काम कर रही हैं'
कांग्रेस नेता ने कहा कि ' मेरे पास 10-15 किसान आए और बताया कि एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान, कंगना रनौत ने कृषि महिलाओं के बारे में कहा था कि वे कमजोर जमीन पर काम कर रही हैं लेकिन वे क्रांतिकारी महिलाएं हैं। पत्रकारों में से एक ने उनसे पूछा कि भले ही वे महिलाएं खेतों में काम कर रही हैं, वे बहुत फुर्तीली और बहादुर हैं और कुछ भी हासिल करने में सक्षम हैं।'
'जो हवाई अड्डे पर हुआ वो ही आप भी कंगना के साथ करें' (Kangana Ranaut)
तब उन्होंने जवाब दिया कि 'अगर उन्हें 100 रुपये दिए जाएं, तो वे कहीं भी आ जा सकती हैं' ,मैं हैरान था यह महिला, एक मौजूदा सांसद, कृषि महिलाओं की आलोचना क्यों कर रही है? वे ग्रामीण भारत से आती हैं, कुछ महीने पहले, जब वह एक हवाई अड्डे पर गई थीं तो एक महिला पुलिस अधिकारी ने उन्हें थप्पड़ मार दिया था।'
पुलिस अधिकारी ने कारण दिया कि 'वह जहां भी जाती हैं, सभी को गालियां देती हैं... मैंने खेतिहर मजदूरों से कहा कि अगर वह हमारे क्षेत्र में आती हैं, तो वही करें जो हवाई अड्डे पर पुलिस अधिकारी ने किया था, तभी उन्हें अपनी गलती का एहसास होगा।'

कोई किसी को रोक नहीं सकता: Kangana Ranaut
अलागिरी के इस बयान पर कंगना भी पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि 'कोई किसी को रोक नहीं सकता, अगर कुछ लोग मुझसे नफरत करते हैं, तो कई और मुझसे प्यार भी करते हैं। उन्होंने अपने आलोचकों को तमिलनाडु के साथ अपने जुड़ाव की याद दिलाई, जो उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री जे. जयललिता का किरदार निभाते हुए 'थलाइवी' फिल्म के दौरान बनाया था। उन्होंने कहा कि ' विपक्षी सांसद भी मुझे 'थलाइवी' कहते हैं।'
सोशल मीडिया पर मचा बवाल
अलागिरी की 'थप्पड़' वाली टिप्पणी ने सोशल मीडिया से लेकर राजनीतिक गलियारों में तूफान मचा दिया है। लोग जमकर कांग्रेस की आलोचना कर रहे हैं। कुछ लोगों ने कांग्रेस से इस बारे में माफी मांगने की अपील की है।
कौन हैं के.एस. अलागिरी? ( KS Alagiri)
- केएसके अलागिरी 2019 से 2024 तक तमिल कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष रहे हैं।
- केएसके अलागिरी की गिनती दिग्गज नेताओं में होती है।
- वो कुड्डालोर निर्वाचन क्षेत्र से सांसद रह चुके हैं।
- केएसके अलागिरी का जन्म 1952 में तमिलनाडु में हुआ था।
- केएसके अलागिरी ने अन्नामलाई विश्वविद्यालय , चिदंबरम से स्नातक की उपाधि प्राप्त की है।
- वे तमिलनाडु विधान सभा के सदस्य (1991-2001) भी रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications