बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते कश्मीर में आज से 27 जुलाई तक पूर्ण लॉकडाउन
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में कोरोना संक्रमण से हालात विस्फोटक होते जा रहे हैं। बुधवार को कश्मीर घाटी में कोरोना संक्रमण के कारण चार और मौतें दर्ज की गई, जबकि, 502 ताजा मामले सामने आए हैं। जम्मू और कश्मीर में कोरोना मामलों की संख्या बढ़कर 15,258 हो गई है। जम्मू-कश्मीर सरकार ने कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों और मौतों के मद्देनजर 27 जुलाई तक पूरे कश्मीर में लॉकडाउन बढ़ाने का ऐलान किया है।

जम्मू और कश्मीर प्रशासन ने बुधवार को कश्मीर के उन इलाकों में पूर्ण लॉकडाउन की घोषणा की, जिन्हें बढ़ रहे कोरोना मामलों के कारण रेड जोन घोषित किया गया है। जम्मू-कश्मीर के सूचना और जनसंपर्क विभाग ने कहा, बांदीपोरा को छोड़कर, बुधवार से 27 जुलाई तक, कश्मीर क्षेत्र के सभी ऐसे क्षेत्रों में लॉकडाउन लगा दिया गया है। इन इलाकों में केवल कृषि और निर्माण कामों को छूट दी गई है।
सरकार द्वारा इस संबंध में जारी किए गए आदेश में कोरोना महामारी पर रोक लगाने के लिए इस लॉकडाउन को जरूरी बताते हुए आज से 28 जुलाई सभी संबंधित अधिकारियों को इसे सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए हैं। यह लॉकडाउन जारी रहेगा या फिर इसमें छूट दी जाएगी यह आगे की स्थिति पर निर्भर करेगा। जम्मू की जिला आयुक्त सुषमा चौहान ने 24 जुलाई से आंशिक बंद की घोषणा की है।
तेजी से बढ़ते हुए मामलों को देखते हुए जम्मू जिले की डीसी एवं आपदा प्रबंधन की जिला चेयरमैन सुषमा चौहान ने जिले में 24 जुलाई से वीकेंड लॉकडाउन को लागू करने का आदेश जारी किया है। सीआरपीसी की धारा 144 के तहत अधिकारों का प्रयोग करते हुए जिला उपायुक्त ने 24 जुलाई, शुक्रवार से शाम छह बजे से सोमवार सुबह छह बजे तक लॉकडाउन का फैसला लिया हैं। इस दौरान व्यक्तियों, वाहनों और सभी तरह की गतिविधियों की आवाजाही पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। केवल स्वास्थ्य की आपातकालीन जरूरतों को देखते हुए आवाजाही हो पाएगी। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों को टिकट दिखाकर आगे जाने की अनुमति होगी। इसी तरह रेलवे स्टेशन और एयरपोर्ट के स्टाफ को पहचान पत्र दिखाकर आने-जाने दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications