'सिख छात्राएं रखें लंबे बाल, बनाएं आईब्रो, तब मिलेगा एडमिशन'
सिख कमेटी ने जहां छात्र-छात्राओं के लिए शर्ते रखी हैं, वहीं उनके माता-पिता के लिए शर्तों का पालन करना अनिवार्य है।
नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी के खालसा कॉलेजों में अगर सिख छात्र-छात्राओं को एडमिशन लेना है तो इसके लिए पहले उन्हें 'संस्कारी' बनना होगा। ऐसा हम नहीं, बल्कि दिल्ली की सिख कमेटी कह रही है। दिल्ली की सिख कमेटी ने खालसा कॉलेज में छात्र-छात्राओं के लिए एक गाइडलाइन जारी की है, जिसका पालन करने पर ही उन्हें खालसा कॉलेजों में एडमिशन मिलेगा।

इन कॉलेजों में है सिख आरक्षण
आपको बता दें कि दिल्ली में श्री तेग बहादुर खालसा कॉलेज, श्री गुरुनानक देव खालसा कॉलेज, श्री गुरु गोविंद सिंह कॉलेज ऑफ कॉमर्स और माता सुंदरी कॉलेज फॉर वूमेन में सिख छात्र-छात्राओं के लिए आरक्षण है। इन कॉलेजों में एडमिशन के लिए सिख छात्र-छात्राओं को दिल्ली सिख कमेटी से एक योग्यता प्रमाणपत्र लेना होता है। नवभारत टाइम्स की खबर के मुताबिक सिख कमेटी ने इस बार सर्टिफिकेट पाने के लिए कुछ शर्तें रखी हैं।

छात्राओं के लिए क्या हैं शर्तें
खालसा कॉलेज में आरक्षण का सर्टिफिकेट पाने के लिए सिख छात्राओं के बाल लंबे होने चाहिए। अगर उनके बाल लंबे नहीं हैं तो उन्हें सर्टिफिकेट मिलने के चांस बेहद कम हैं। हां अगर छात्राओं की आइब्रो बनी हैं तो कोई समस्या नहीं है। इसके अलावा ड्रेस कोड में छात्राओं को दुपट्टा भी ओढ़ना होगा। अगर कोई छात्रा स्कर्ट या ऐसी ही कोई ड्रेस पहनकर आती है तो उसे सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा। साथ ही सर्टिफिकेट पाने वाली छात्राओं को अपने नाम में कौर लगाना होगा।

छात्रों के लिए क्या हैं शर्तें
कमेटी ने सिख छात्रों को सर्टिफिकेट देने के लिए जो शर्तें रखी हैं उनमें पगड़ी पहनना अनिवार्य है। पगड़ी पहनने वाले छात्रों को ही सर्टिफिकेट दिया जाएगा। इसके अलावा उनकी दाढ़ी भी प्राकृतिक तौर पर बढ़ी हुई होनी चाहिए, अगर दाढ़ी बनी हुई है तो सर्टिफिकेट नहीं मिलेगा। छात्रों को अपने नाम के आगे सिंह भी लगाना होगा।

माता-पिता को भी करना होगा नियमों का पालन
सिख कमेटी ने जहां छात्र-छात्राओं के लिए शर्ते रखी हैं, वहीं उनके माता-पिता के लिए शर्तों का पालन करना अनिवार्य है। सर्टिफिकेट पाने के लिए छात्रों के माता-पिता को भी इन शर्तों का पालन करना होगा। इसके अलावा छात्राओं के लिए गुरुमत का ज्ञान होना जरूरी है जबकि छात्रों को सिख धर्म और संस्कृति की भी जानकारी होनी चाहिेए।












Click it and Unblock the Notifications