पाकिस्तान गए सिख श्रद्धालुओं में से 1 लापता, सुरक्षा एजेंसियों के उड़े होश
अमृतसर। वैशाखी मनाने भारत से पाकिस्तान गए सिख श्रद्धालुओं में से एक के गायब होने की पुष्टि हुई है। भारत से 12 अप्रैल को 10 दिन के लिए करीब 1800 सिख श्रद्धालुओं पाकिस्तान गए थे, जिसमें 24 साल का अमरजीत सिंह लापता हो गया है। पाकिस्तान के पांजा साहेब गुरुद्वारे में दर्शन के लिए गए श्रद्धालुओं का जत्था शनिवार को वतन वापस लौट आया, लेकिन उनमें से अमरजीत सिंह शामिल नहीं है। इससे पहले इसी जत्थे में से एक महिला ने पाकिस्तान में अपना धर्म बदलकर, लाहौर के एक शख्स से निकाह रचा लिया था। इन दोनों घटनाओं ने सुरक्षा एजेंसियों को चिंता में डाल दिया है।

खुफिया एजेंसियों के मुताबिक, अमरजीत सिंह ने अपना पासपोर्ट ननकाना साहिब में छोड़ दिया था और उसके बाद 15 अप्रैल को ही गायब हो गया था। सूत्रों के मुताबिक, भारत सरकार ने पाकिस्तान को अमरजीत सिंह के लापता होने की जानकारी दे दी है। वहीं, बताया जा रहा है कि पाकिस्तान सरकार इस मामले में जांच में जुटी है।
वैशाखी मनाने पाकिस्तान गए सिख श्रद्धालुओं के साथ हुई दूसरी बड़ी घटना है, जो देश की सुरक्षा एजेंसियों के लिए सिरदर्द बन गया है। इससे पहले होशियारपुर की किरण बाला के मुस्लिम से निकाह करने का मामले में सुरक्षा एजेसियां जांच में जुटी है।
किरण की शादी 2005 में नरिंदर सिंह से हुई थी जिनकी 2013 में एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। किरण का दावा है कि वह पिछले डेढ़ साल से सोशल मीडिया के जरिए मोहम्मद आजम को जानती हैं। किरण बाला के दो बच्चे भी हैं।












Click it and Unblock the Notifications