पंजाब के बाद कर्नाटक कांग्रेस में दरार! सिद्धारमैया बोले- डीके शिवकुमार से मेरी कोई अनबन नहीं
बेंगलुरु, जुलाई 20। पंजाब में कांग्रेस की कलह को दूर करने के बाद अब पार्टी कर्नाटक की तरफ ध्यान दे रही है, जहां विधानसभा चुनाव नजदीक होने की वजह से समय-समय पर पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डीके शिवकुमार के बीच तनाव की खबरें आती रहती हैं। हालांकि दोनों नेताओं ने कभी इस बात को माना नहीं है। इस बीच मंगलवार को दिल्ली में सिद्धरमैया की कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात हो सकती है। सिद्धारमैया ने सोनिया गांधी से भी मिलने की बात कही है, लेकिन अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं है कि ये मुलाकात होगी की नहीं।
Recommended Video

कर्नाटक कांग्रेस में नहीं है कोई दरार- सिद्धारमैया
न्यूज एजेंसी ANI ने बताया है कि सिद्धरमैया आज दिल्ली में हैं, जहां उनकी मुलाकात शाम 4 बजे राहुल गांधी से होने वाली है। सिद्धारमैया ने बताया कि राहुल गांधी ने उनसे मिलने की इच्छा जाहिर की थी। हालांकि अभी ये जानकारी नहीं है कि ये मीटिंग किस विषय पर होगी। इसके अलावा सिद्धारमैया ने डीके शिवकुमार से उनकी अनबन की अटकलों को उन्होंने खारिज किया है। सिद्धारमैया ने कहा है, "हम सब साथ हैं, कर्नाटक कांग्रेस में कोई दरार नहीं है, हम यहां पार्टी को मिलकर बना रहे हैं।
2023 में कांग्रेस सत्ता में करेगी वापसी- सिद्धारमैया
इस दौरान सिद्धारमैया ने बीजेपी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य के अंदर कांग्रेस पार्टी भाजपा के 'भ्रष्टाचार' के खिलाफ लड़ रही है। सिद्धारमैया ने कहा कि कांग्रेस पार्टी 2023 विधानसभा चुनाव में बीजेपी को सत्ता से बाहर कर वापस सत्ता में लौटेगी। आपको बता दें कि सिद्धारमैया का दौरा 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर काफी अहम है, क्योंकि सिद्धारमैया अगले चुनाव में मुख्यमंत्री का फेस बने रहने के लिए विधायकों का समर्थन भी जुटा रहे हैं।












Click it and Unblock the Notifications