श्वेता तिवारी ने तोड़ी चुप्पी, बताया- 'पलक के सामने पिटती थी मैं, अभिनव ने कहा था- बर्बाद कर दूंगा'
'मेरी बिल्डिंग की लॉबी में खड़े होकर अभिनव ने मुझसे कहा था कि एक औरत की इमेज खराब करने में क्या लगता है, केवल एक पोस्ट...'
मुंबई। रिएलिटी शो बिग बॉस की विजेता और 'कसौटी जिंदगी की' फेम एक्ट्रेस श्वेता तिवारी अक्सर अपनी निजी लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहती हैं। पिछले दिनों श्वेता तिवारी ने अपने दूसरे पति अभिनव कोहली के ऊपर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया और उनसे अलग हो गईं। वहीं, अभिनव कोहली ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए कहा कि श्वेता तिवारी की बातें पूरी तरह गलत हैं और साथ ही उन्होंने श्वेता के ऊपर उन्हें अपने बेटे से ना मिलने देने का भी आरोप लगाया। इससे पहले श्वेता तिवारी ने अपने पहले पति राजा चौधरी के ऊपर भी इसी तरह के आरोप लगाए थे। अब श्वेता तिवारी ने एक इंटरव्यू में अपनी दोनों शादियों को लेकर कुछ अहम बातों का खुलासा किया है।

'मां कहती थीं कि शादी के लिए तुम अभी बहुत छोटी हो'
वेबसाइट 'बॉलीवुड बबल' की खबर के मुताबिक, अपनी निजी जिंदगी के बारे में बात करते हुए श्वेता तिवारी ने बताया, 'मेरी मां मुझसे कहती थीं कि शादी के लिए तुम अभी बहुत छोटी हो, लेकिन मैं अपने पार्टनर से इमोशनल सपोर्ट चाहती थी। अपने परिवार में लव मैरिज करने वाली मैं पहली लड़की थी और वो भी अंतरजातीय। मैंने शादी की और 27 साल की उम्र में मैं अपने पति से अलग हो गई। मैं इस बात को लेकर परेशान थी कि मेरे साथ अपमानजनक बर्ताव करने वाले पति का मेरी बच्ची पर क्या असर पड़ेगा। पलक ने मुझे कभी महसूस नहीं होने दिया कि वो दुखी है। उसने मुझे पिटते हुए देखा। उसने महिलाओं को घर आते हुए देखा।'

'पलक ने 6 साल की उम्र में वो सब सहा'
श्वेता तिवारी ने आगे बताया, 'पलक महज 6 साल की थी, जब मैंने अपने पति राजा चौधरी से अलग होने का फैसला लिया। इतनी सी उम्र में उसने घर पर पुलिस को आते हुए देखा, मुझे पुलिस स्टेशन जाते हुए देखा। मेरे बेटे को भी छोटी सी उम्र में वही सब देखना पड़ा। एक बच्चे के लिए कम उम्र में ये सब देखना ठीक नहीं होता, लेकिन मैं उस वक्त कुछ नहीं कर सकती थी, क्योंकि मेरे पास कोई दूसरा रास्ता ही नहीं बचा था। लेकिन, मेरे दोनों बच्चे उस दौर से गुजरे और आज खुश हैं। मैं उनसे कभी नहीं कहती कि अपने पिता को याद मत करो या उनसे बात मत करो, लेकिन वो खुद बात करना नहीं चाहते। उन्हें मालूम है कि उन्होंने क्या कुछ सहा है और अब वो मेरे साथ खुश रहना चाहते हैं।'

'एक औरत की इमेज खराब करने में क्या लगता है'
श्वेता तिवारी ने अपने दूसरे पति अभिनव कोहली के आरोपों पर जवाब देते हुए कहा, 'अभिनव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालने से कुछ दिन पहले ही मुझे धमकी दी थी कि वो मेरी सारी रेप्यूटेशन को बर्बाद कर देगा। मेरी बिल्डिंग की लॉबी में खड़े होकर अभिनव ने मुझसे कहा था कि एक औरत की इमेज खराब करने में क्या लगता है, केवल एक पोस्ट। केवल एक पोस्ट, और तुम बर्बाद हो जाओगी। इसके 5-6 दिन बाद ही उसने मुझे बदनाम करने के मकसद से सोशल मीडिया पर पोस्ट डालना शुरू कर दिया।'

'लोग नहीं समझते कि किसी की निजी लाइफ है'
बातचीत के दौरान श्वेता तिवारी ने आगे कहा, 'जब किसी इंसान के बारे में कुछ अच्छा कहा जाता है तो लोग शक की नजर से देखते हैं। लेकिन, जब उसी इंसान के बारे में कुछ गलत कहा जाता है तो लोग बिना सोचे समझे उस इंसान के बारे में अपनी राय बना लेते हैं। कोई इंसान अगर मीडिया में खुलकर बातें कर रहा है तो लोगों को लगता है कि वो सही है। लेकिन, कोई ये क्यों नहीं सोचता कि वो झूठ भी तो हो सकता है। और सिर्फ इसलिए, क्योंकि दूसरा इंसान चुप है, लोग एकतरफा कहानी पर भरोसा कर लेते हैं। लोग नहीं समझते कि वो किसी की निजी लाइफ है।'

अभिनव कोहली ने शेयर की थीं प्राइवेट चैट
श्वेता तिवारी ने बताया, 'कई बार जब अभिनव ने छोटी-छोटी क्लिप शेयर कीं तो मैंने सोचा कि मैं भी अपनी कहानी लोगों के सामने रखूं। वो हम दोनों के बीच होने वाली हर बातचीत रिकॉर्ड करता था, लेकिन शुरुआत में मैंने कभी ऐसा नहीं किया। जब किसी ने मुझे सलाह दी और कहा कि मुझे भी रिकॉर्डिंग करनी चाहिए, तब मैंने ऐसा किया।' गौरतलब है कि अभिनव कोहली ने जून 2020 में अपने इंस्टाग्राम पर कुछ प्राइवेट चैट शेयर की थी और आरोप लगाया था कि श्वेता तिवारी ने उनके बेटे को उनसे दूर किया हुआ है।

विवादों में रही श्वेता तिवारी की लाइफ
आपको बता दें कि श्वेता तिवारी की पहली शादी राजा चौधरी से हुई थी और इस रिलेशनशिप में उनकी एक बेटी हुई, जिसका नाम पलक तिवारी है। शादी के कुछ साल बाद दोनों में विवाद हुआ और श्वेता तिवारी अपने पति राजा चौधरी से अलग हो गईं। इसके बाद 2013 में श्वेता तिवारी ने अभिनव कोहली से दूसरी शादी की और 2016 में एक बेटे को जन्म दिया, जिसका नाम रेयांश है।












Click it and Unblock the Notifications