गालीबाज श्रीकांत त्यागी 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजा गया, महिला से बदसलूकी का है आरोप
नोएडा, 09 अगस्त: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में ग्रैंड ओमेक्स सोसाइटी में महिला से मारपीट और गाली-गलौज के मामले में श्रीकांत त्यागी को 14 दिन की कस्टडी में भेजा गया है। मंगलवार को सूरजपुर कोर्ट ने श्रीकांत त्यागी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा। इससे पहले मंगलवार को नोएडा का गालीबाज श्रीकांत त्यागी पांच दिन बाद पुलिस की गिरफ्त में आया। न्यूज एजेंसी एएनआई ने यूपी पुलिस के सूत्रों के हवाले से लिखा कि श्रीकांत त्यागी को नोएडा के पास से गिरफ्तार किया गया। बता दें, नोएडा के ओमैक्स सोसायटी में महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने वाला श्रीकांत त्यागी वीडियो वायरल होने के बाद से फरार था। नोएडा पुलिस ने त्यागी पर गैंगस्टर एक्ट लगाने के बाद सोसायटी में बने उसके अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला था। इसके साथ ही त्यागी पर 25 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

जानिए पूरा मामला ?
नोएडा के सेक्टर 93 की ग्रैंड ओमेक्स सोसायटी में अवैध निर्माण का विरोध करने पर श्रीकांत त्यागी ने महिला से बदसलूकी की। त्यागी ने गालियां और महिला से मारपीट भी की। श्रीकांत त्यागी खुद को बीजेपी नेता बताता था और अपने साथ चार-पांच गाड़ियों का काफिला लेकर चलता था। सोसायटी के अंदर महिला के साथ अभद्र व्यवहार करने का वीडियो वायरल होने के बाद त्यागी फरार हो गया था।

वायरल वीडियो पर बीजेपी घिरी, हरकत में आई नोएडा पुलिस
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने त्यागी के जरिए बीजेपी को घेरना शुरू कर दिया। खुद को बीजेपी नेता बताने वाले श्रीकांत त्यागी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाने लगी। इसके बाद नोएडा पुलिस ने हरकत में आई। शुक्रवार को त्यागी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 (किसी महिला पर हमला करना या आपराधिक बल का प्रयोग करना) के तहत मामला दर्ज किया गया था।

BJP सांसद ने कहा - हमें शर्मिंदगी हो रही है कि यूपी में हमारी सरकार है
इधर, श्रीकांत त्यागी के गुर्गे महिला को धमकाने के लिए ओमैक्स सोसायटी पहुंच गए। लोगों ने इन्हें पकड़ लिया और जमकर बवाल काटा। पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इसके बाद बीजेपी सांसद महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह खुद मौके पर पहुंचे। सांसद महेश शर्मा ने सोसायटी में ही खड़े होकर मीडिया के सामने अवनीश अवस्थी को फोन किया और कहा कि 'मुझे शर्मिंदगी हो रही है कि यूपी में हमारी सरकार है।' ये वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। सांसद ने पीड़ित महिला को आश्वासन दिया था कि त्यागी 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मेरठ से गिरफ्तार हुआ श्रीकांत त्यागी, नोएडा पुलिस करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस
श्रीकांत त्यागी को मंगलवार को नोएडा पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने उसे मेरठ से गिरफ्तार किया है। यहां वह अपने करीबी के घर पर छिपा हुआ था। पुलिस ने त्यागी को 3 लोगों के साथ धर दबोचा है। 25 हजार के इनामी त्यागी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमों के साथ ही एसटीएफ को भी लगाया गया था। एडीजी (कानून-व्यवस्था) प्रशांत कुमार ने बताया कि श्रीकांत त्यागी की गिरफ़्तारी के संबंध में नोएडा पुलिस आयुक्त स्वयं प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे, जिसमें वे प्रकरण की पूरी जानकारी देंगे। उनको निर्देशित किया गया है कि जल्द कानूनी कार्रवाई पूरी करके प्रेस से सभी चीजें साझा करें जिससे चीजें सभी को स्पष्ट हों।












Click it and Unblock the Notifications