Shraddha Case: आरोपी आफताब की न्यायिक हिरासत बढ़ी, कोर्ट ने गर्म कपड़े मुहैया कराने के दिए निर्देश
श्रद्धा मर्डर केस के आरोपी आफताब की न्यायिक हिरासत को कोर्ट ने 14 दिनों के लिए बढ़ा दिया है। इसके साथ ही आरोपी को गर्म कपड़े मुहैया कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

Aftab Poonawalla Judicial custody: दिल्ली की साकेत कोर्ट ने श्रद्धा हत्याकांड के आरोपी आफताब पूनावाला की न्यायिक हिरासत अगले 14 दिनों के लिए बढ़ा दी है। अफताब ने कुछ कानूनी किताबें भी पढ़ाई के लिए मांगी हैं। इससे पहले आरोपी के वकील ने कोर्ट से गर्म कपड़े मुहैया कराने की भी मांग की थी। अब अदालत ने हिरासत बढ़ाने के साथ-साथ आफताब को गर्म पकड़े मुहैया कराने के निर्देश भी दिए हैं।
बताते चलें कि इससे पहले आरोपी आफताब के वकील ने सर्दी के कपड़े खरीदने के लिए कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। पूनावाला के डेबिट और क्रेडिट कार्ड पुलिस के पास होने के चलते वकील ने अर्जी दी थी कि इन्हें आफताब को दिया जाए, ताकि वो गर्म कपड़े खरीद सके।
कोर्ट में जो आवेदन दिया गया था, उसमें लिखा था कि आरोपी तिहाड़ जेल में ठंड से जूझ रहा है और सर्दियों में पहनने के लिए उसके पास कपड़े भी नहीं हैं। इसलिए रोजमर्रा के सामान के साथ-साथ उसे सर्दी के लिए गर्म कपड़े खरीदने के लिए पैसों की सख्त जरूरत है।
आपको बता दें कि श्रद्धा हत्याकांड का आरोपी आफताब पूनावाला 9 नवंबर 2022 से पुलिस की हिरासत में है। इससे पहले कोर्ट ने इस अर्जी पर आज यानी 10 जनवरी को विचार करने का फैसला किया था। इसके साथ ही इससे पहले आफताब की न्यायिक हिरासत भी चार दिनों के लिए बढ़ा दी गई थी।
गौरतलब है कि 28 मई को दक्षिणी दिल्ली के छतरपुर पहाड़ी में गर्लफ्रेंड संग किराए के मकान में रह रहे आफताब पूनावाला ने गर्लफ्रेंड श्रद्धा की बेरहमी से हत्या कर दी थी। पुलिस के मुताबिक, आफताब ने श्रद्धा के 35 टुकड़े कर डाले थे और शव को दक्षिणी दिल्ली और आसपास के जंगलों में फेंक दिया था।












Click it and Unblock the Notifications