प्रियंका चतुर्वेदी ने राहुल गांधी के फ्लाइंग किस का किया बचाव, बोली- 'बीजेपी के लोग हो गए नफरत के आदी'
लोकसभा सदन में राहुल गांधी के फ्लाइंग किस को लेकर मचे बवाल में शिवसेना यूबीटी सांसद प्रियंका चतुर्वेदी बचाव करती नजर आईं।
राहुल गांधी एक बार फिर बीजेपी के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल, लोकसभा परिसर से बाहर निकलते हुए राहुल गांधी ने बीजेपी सांसदों को फ्लाइंग किस दी। इस पर स्मृति ईरानी ने इसको लेकर निशाना साधा है। वहीं, शिवसेना (यूबीटी) नेता और सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का बचाव करते हुए कहा कि मै विजिटर गैलरी में थी, ये स्नेह के संकेत से ज्यादा कुछ नहीं था।
फ्लाइंग किस को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि केवल एक स्त्री द्वेषी व्यक्ति ही संसद में महिला सांसदों को फ्लाइंग किस दे सकता है। ऐसा उदाहरण पहले कभी नहीं देखा गया। इससे पता चलता है कि वो महिलाओं को लेकर क्या सोचते हैं। ये अश्लील है।

शिवसेना (यूबीटी) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने कहा कि क्या उन्होंने कहा कि ये महिलाओं के लिए था? ये एक वास्तविक इशारा था. जैसा कि कहा गया था 'मोहब्बत की दुकान'...वे (भाजपा) नफरत करने के आदी हैं। इसलिए प्यार स्वीकार नहीं कर सकते।'' ये युवा पीढ़ी का नया भारत है, जिसे कोई समस्या नहीं है। केवल उन्हें ही प्यार और स्नेह से दिक्कत है, जो नफरत के आदी हैं।
शोभा करंदलाजे ने अध्यक्ष के कक्ष में 21 महिला भाजपा सदस्यों द्वारा हस्ताक्षरित पत्र सौंपा, जिसमें राहुल गांधी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सांसद के रूप में बहाल होने के बाद बुधवार को संसद में अपने पहले भाषण में मणिपुर हिंसा को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा और कहा कि सरकार ने पूर्वोत्तर राज्य को दो हिस्सों में बांट दिया।












Click it and Unblock the Notifications